RRB NTPC CBT 2 Exam Date OUT: क्या आपने भी रेलवे की एनटीपीसी परीक्षा के लिए फॉर्म भरा था और सीबीटी 1 परीक्षा में सफलता हासिल कर ली है, तो आपके लिए जरूरी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों यानी NTPC (पूर्व-स्नातक) भर्ती से जुड़ी दूसरे चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-2) की संभावित तारीख जारी कर दी है। RRB की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, CEN संख्या 07/2025 के तहत NTPC अंडरग्रेजुएट पदों के लिए CBT-2 परीक्षा 17 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
आधिकारिक नोटिस में बताया गया है कि CEN 07/2025 के तहत गैर-तकनीकी लोकप्रिय कोटियों (पूर्व-स्नातक) के पदों के लिए दूसरे चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 17 सितंबर 2026 को कराई जाएगी। यह परीक्षा उन उम्मीदवारों के लिए है, जो भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए योग्य हुए हैं। परीक्षा से संबंधित शहर, तारीख और यात्रा प्राधिकरण की जानकारी उम्मीदवारों को बाद में उपलब्ध कराई जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: DSSSB Exam Schedule 2026 हुआ जारी, 21 सितंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं, देखें किस दिन कौन सी है परीक्षा
एग्जाम सिटी की जानकारी कब आएगी?
RRB ने नोटिस में बताया है कि परीक्षा शहर, तारीख और SC/ST उम्मीदवारों के लिए यात्रा प्राधिकरण डाउनलोड करने का लिंक परीक्षा की तारीख से लगभग 10 दिन पहले लाइव किया जाएगा। इसका मतलब है कि उम्मीदवार परीक्षा केंद्र से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होने वाले लिंक को चेक करते रहें।
ई-कॉल लेटर परीक्षा से 4 दिन पहले होगा जारी
उम्मीदवारों के लिए एक और जरूरी अपडेट ई-कॉल लेटर को लेकर है। रेलवे भर्ती बोर्ड के अनुसार, परीक्षा का ई-कॉल लेटर परीक्षा की तारीख से लगभग 4 दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे में 17 सितंबर को होने वाली परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को 13 या 14 सितंबर को ई-कॉल लेटर से जुड़ा अपडेट मिल सकता है।
