NTA New Office Security: नीट पेपर लीक और कथित प्रशासनिक खामियों को लेकर हुए विवाद के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के नए ऑफिस में सुरक्षा के लिए सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) को तैनात किया जाएगा। CISF के जवान एजेंसी के गोपनीय इलाकों की सुरक्षा करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, यह फैसला ले लिया गया है और अगले दो से तीन महीनों में तैनाती पूरी होने की उम्मीद है।
NTA New Office Security: एनटीए के नए ऑफिस की सुरक्षा संभालेगी सीआईएसएफ
यह फोर्स गोपनीय इलाकों पर नजर रखेगी, आने-जाने वालों को कंट्रोल करेगी और स्टाफ व विजिटर्स की स्क्रीनिंग करेगी। यह कदम पेपर लीक और एडमिनिस्ट्रेटिव कमियों, जिसमें परीक्षा से जुड़ी संवेदनशील सामग्री को संभालने का मामला भी शामिल है, पर बार-बार उठ रहे सवालों के बाद उठाया गया है।
एक्सेस कंट्रोल और स्क्रीनिंग का काम
बता दें मिंटो रोड पर भारत सरकार के प्रेस भवन में गोपनीय इलाकों के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर CISF के जवानों को तैनात किया गया है। वह एक्सेस कंट्रोल और स्क्रीनिंग का काम करेंगे, जिसे एक्सरे बैगेज स्क्रीनिंग मशीनों और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) से तलाशी लेना शामिल है। एनटीए ने अपने नए परिसर में गोपनीय इलाकों की भी पहचान की है। परीक्षा से जुड़ी सामग्री तक अनधिकृत पहुंच को रोकने की कोशिशों के तहत इन इलाकों में आवाजाही और कामकाज पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
आवाजाही और कामकाज पर नजर
एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, भवन में गोपनीय इलाकों की पहचान की गई है, जहां आवाजाही और कामकाज पर कड़ी नजर रखी जाएगी ताकि यह पक्का किया जा सके कि एक फुलप्रूफ सिस्टम काम कर रहा है। गृह मंत्रालय ने परिसर के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की सुरक्षा को मंजूरी दे दी है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सीसीटीवी निगरानी
बता दें यह एजेंसी अपने कामकाज में बड़े बदलाव कर रही है। इनमें परीक्षा की सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-बेस्ड मॉनिटरिंग, CCTV और दूसरी टेक्नोलॉजी का ज्यादा इस्तेमाल व इन्फॉर्मेशन-सिक्योरिटी के मजबूत इंतजाम शामिल हैं। सुधारों के बारे में सरकारी जानकारी के मुताबिक, एनटीए में एक चीफ इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO) की नियुक्ति भी की गई है, जबकि सीनियर इन्फॉर्मेशन-सिक्योरिटी पद के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
इनपुट- एएनआई
