LSR College Shifts to Online Classes: दक्षिण दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दर्दनाक घटना सामने आई है। कालकाजी मंदिर के पास स्थित पार्क में इस वारदात को तीन आरोपियों ने अंजाम दिया। घटना के बाद जब पुलिस एक आरोपी को पकड़ने पहुंची, तो कॉलेज के पास मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लेडी श्रीराम कॉलेज प्रशासन ने तुरंत कक्षाएं निलंबित कर ऑनलाइन मोड में आयोजित करने का निर्णय लिया। इस घटना से छात्रों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता फैल गई है।
LSR कैंपस के पास दुष्कर्म की घटना के बाद ऑनलाइन शिफ्ट हुई क्लास (Photo - LSR Website)
कॉलेज प्रशासन का फैसला और सुरक्षा उपाय
बता दें कि एक आरोपी को पकड़ने के लिए मुठभेड़ लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन के पिछले गेट से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने मंगलवार दोपहर से ही नियमित कक्षाएं रद्द कर दी और बुधवार के लिए भी ऑनलाइन पढ़ाई का निर्देश जारी किया। स्थिति को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि आने वाले कुछ दिनों तक क्लास ऑनलाइन मोड में ही संचालित की जा सकती है।
इस मामले पर प्रिंसिपल कनिका के. आहूजा ने कहा कि "दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी मिलते ही हमने कक्षाएं रद्द कर दीं। हमारे छात्रों की सुरक्षा और भलाई हमारे लिए सर्वोपरि है। हमने अपने संकाय सलाहकारों और कॉलेज काउंसलर से अनुरोध किया है कि वे छात्रों को किसी भी प्रकार की सहायता प्रदान करने के लिए उपलब्ध रहें"।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - NEET SS 2025: नीट एसएस का क्वालीफाइंग पर्सेंटाइल घटकर हुआ 30वां पर्सेंटाइल, NBEMS ने जारी किया संशोधित कटऑफ
कॉलेज की ओर से छात्रों और कर्मचारियों के लिए निम्नलिखित सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं
- छात्रों और स्टाफ को पिछले गेट के आसपास एकत्र न होने के निर्देश दिए गए हैं।
- फैकल्टी मेंटर्स और कॉलेज काउंसलर्स को छात्रों की मदद के लिए अलर्ट पर रखा गया है।
- गेस्ट फैकल्टी को भी कक्षाएं केवल ऑनलाइन माध्यम से लेने के लिए कहा गया है।
कॉलेज की प्रिंसिपल कनिका के. आहूजा ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा और मानसिक भलाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना स्थल कॉलेज से मात्र 2 किलोमीटर दूर होने के कारण परिसर और आसपास के क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UPSSSC की आगामी परीक्षाओं के लिए आधार वेरिफिकेशन हुआ अनिवार्य, अपडेट रखें अपना बायोमेट्रिक डेटा
क्या है पूरा मामला
सोमवार शाम को पीड़ित किशोरी अपने पुरुष मित्र के साथ आस्था कुंज पार्क में मौजूद थी। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को डराया-धमकाया और पार्क के अंदर बनी एक पुरानी, जर्जर इमारत में ले जाकर बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मंगलवार तक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
