KVS NVS Result 2026 Tier 2: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने KVS, NVS और EMRS में भर्ती के लिए आयोजित Tier-2 परीक्षा के रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने 20 अगस्त 2026 को कुछ पदों के परिणाम घोषित किए हैं। उम्मीदवार अपना रिजल्ट और शॉर्टलिस्टिंग स्टेटस संबंधित भर्ती पोर्टल पर लॉगिन करके देख सकते हैं। CBSE की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, 20 अगस्त को पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) के Economics और History विषयों के परिणाम जारी किए गए हैं। इसके अलावा ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (TGT) के Work Experience पद का रिजल्ट भी जारी किया गया है। उम्मीदवार अपने आवेदन पोर्टल पर लॉगिन करके यह देख सकते हैं कि उन्हें अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है या नहीं।
पदों के अनुसार होगी आगे की प्रक्रिया
CBSE ने बताया है कि भर्ती प्रक्रिया में आगे का चरण संबंधित पद के नियमों के अनुसार होगा। जिन पदों के चयन में इंटरव्यू शामिल है, उनके लिए जारी रिजल्ट में उम्मीदवार की इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्टिंग की स्थिति बताई जाएगी। इन पदों के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों के मार्क्स उपलब्ध कराए जाएंगे। बोर्ड के अनुसार, अंतिम रिजल्ट जारी होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर, इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंक जारी किए जाएंगे।
वहीं, जिन पदों के चयन में इंटरव्यू नहीं है, उनके लिए Tier-2 के अंक रिजल्ट के साथ उम्मीदवार के लॉगिन में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CBSE की तीन भाषा नीति पर सुप्रीम कोर्ट ने उठाए सवाल, ‘Native’ शब्द पर जताई आपत्ति
आगे क्या करना होगा?
जिन पदों के लिए उम्मीदवारों को पोस्ट प्रेफरेंस देने की जरूरत है, वे अपने लॉगिन में दिए गए निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय के भीतर अपनी पसंद दर्ज कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि पोस्ट प्रेफरेंस भरते समय सभी विकल्पों को ध्यान से देखें। जिन पदों के लिए इंटरव्यू या स्किल टेस्ट होना है, उनके लिए शेड्यूल और कॉल लेटर बाद में जारी किए जाएंगे। इसकी जानकारी उम्मीदवारों को आवेदन पोर्टल के माध्यम से मिलेगी।
CBSE ने यह भी स्पष्ट किया है कि बाकी पदों के Tier-2 परिणाम अभी अंतिम रूप दिए जा रहे हैं और उन्हें चरणबद्ध तरीके से जारी किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को CBSE, KVS और NVS की आधिकारिक वेबसाइट और अपने आवेदन पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।
वहीं, EMRS Tier-2 भर्ती परीक्षा का रिजल्ट अलग से आधिकारिक EMRS/NESTS वेबसाइट के माध्यम से जारी किया जाएगा।
