JEE Advanced 2026 Apply Online Last Date: जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इसके लिए आज 5 मई रात 11.59 बजे तक आवेदन किया जा सकता है। IIT प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस 17 मई, 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। एडमिट कार्ड 11 मई से उपलब्ध होंगे। बीते सालों की तरह इस बार भी पात्र अभ्यर्थियों में से बहुत कम लोगों ने जेईई एडवांस्ड के लिए आवेदन किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस साल जेईई मेन क्वालीफाई करने वाले करीब 60 हजार के आसपास विद्यार्थियों ने एडवांस्ड के लिए आवेदन नहीं किया।
एक जानकारी के अनुसार, आईआईटी रुड़की की ओर से आयोजित इस परीक्षा के लिए कुल 2.54 लाख छात्र पात्र थे, लेकिन महज 1.88 लाख ने ही आवेदन किया है। हालांकि ये पहली बार नहीं है जब जेईई मेंस परीक्षा को क्वालिफाई करने के बाद एडवांस्ड के लिए ट्राई न किया हो। पिछले साल में 63 हजार और वर्ष 2024 में करीब 63,700 छात्रों ने आवेदन नहीं किया था।
परीक्षा का शेड्यूल
जेईई एडवांस्ड की परीक्षा 17 मई 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी।
यह परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें दोनों ही पेपर देना अनिवार्य है:
- पेपर 1: सुबह 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
- पेपर 2: दोपहर 02:30 बजे से शाम 05:30 बजे तक।
आवेदन कम होने का कारण?
वर्ष 2025 में 63 हजार और वर्ष 2024 में करीब 63,700 छात्रों ने आवेदन नहीं किया था। सटीक तौर पर इस सवाल का जवाब देना मुश्किल है, लेकिन बहुत से विद्यार्थी अच्छे जेईई मेन स्कोर के आधार पर एनआईटी या दूसरे टॉप इंजीनियरिंग कॉलेजों में अपनी सीट सुरक्षित मान लेते हैं। ज्यादातर का मानना हे कि आईआईटी प्रवेश परीक्षा के बजाय अन्य बेहतर विकल्पों को अपनाएं, कम पॉपुलर आईआईटी में दाखिला लेने की बजाय जाने माने एनआईटी या ट्रिपल आईटी में दाखिला लिया जाए जहां जेईई मेन का स्कोर स्वीकार किया जाता है।
आईआईटी एडमिशन परीक्षा के बारे में
आईआईटी रूड़की के अनुसार, परीक्षा में पहले की तरह ही दो पेपर (पेपर 1 और पेपर 2) होंगे। दोनों ही पेपर में शामिल होना हर उम्मीदवार के लिए अनिवार्य है। प्रत्येक पेपर में फिजिक्स, केमिस्ट्री और गणित के सेक्शन होंगे। प्रश्नपत्र में बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs), न्यूमेरिकल वैल्यू वाले प्रश्न और मैचिंग लिस्ट वाले सवाल शामिल होंगे, जो छात्रों की गहरी समझ और प्रॉब्लम साॅल्विंग की स्किल को परखेंगे। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग पहले की तरह होगी।
