Independence Day Anchoring Script in Hindi (स्वतंत्रता दिवस पर मंच संचालन कैसे करें): देश में हर साल की तरह इस साल भी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। 1947 में इसी दिन देश गुलामी की बेड़ियों से आजाद हुआ था। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री ध्वजारोहण के बाद लाल किले की प्रचीर से देश को संबोधित करते हैं। वहीं, स्कूल और कॉलेज में भी तरह तरह की प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस दौरान एंकर अपनी ऊर्जावान और आकर्षक प्रस्तुतियों से इन समारोहों को विशेष बनाते हैं। अगर आप भी स्वतंत्रता दिवस 2025 पर मंच संचालन करने जा रहे हैं तो हम आपको एक प्रभावशाली एंकरिंग स्क्रिप्ट तैयार करने में मदद करेंगे।
Independence Day Anchoring Script (Photo Credit: Freepik)
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में एंकर वह सूत्रधार होते हैं जो पूरे आयोजन को सहज, भावनात्मक और रोचक बनाते हैं। उनकी आवाज में उत्साह, शब्दों में गरिमा और प्रस्तुति में देशभक्ति का भाव होना चाहिए। एंकर को यह ध्यान रखना चाहिए कि उद्घाटन में ऊर्जा और आदर दोनों का संतुलन हो। इसके अलावा बीच बीच में देशभक्ति के शेर, कविताएं शामिल हों। साथ ही समय का सही प्रबंधन हो ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से चलता रहे।
1. उद्घाटन
एंकर: सुप्रभात व जय हिन्द! आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय/महोदया, सभी शिक्षकगण, अभिभावक और मेरे प्यारे साथियों! आज का दिन हर भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का दिन है। 15 अगस्त 1947 वह ऐतिहासिक दिन है, जब हमारे देश ने वर्षों की गुलामी की बेड़ियों को तोड़कर आजादी की नई सुबह देखी। आइए सबसे पहले हम ईश्वर का आशीर्वाद लें और इस आयोजन की शुरुआत प्रार्थना से करें।
(प्रार्थना/संगीत प्रस्तुति)
2. ध्वजारोहण की घोषणा
एंकर: अब मैं हमारे आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय/महोदया से निवेदन करती हूं कि वे मंच पर पधारकर ध्वजारोहण करें। सभी कृपया खड़े हो जाएं और तिरंगे को सलामी दें।
(ध्वजारोहण व राष्ट्रगान)
3. स्वागत भाषण
एंकर: आज के इस पावन अवसर पर मैं इस स्वतंत्रता दिवस समारोह में आप सभी का हृदय से स्वागत करती हूं। आज हम न केवल अपने स्वतंत्र भारत का उत्सव मना रहे हैं, बल्कि उन वीर सपूतों को भी नमन कर रहे हैं जिनके बलिदान से हमें यह आजादी मिली।
4. ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
एंकर: 15 अगस्त 1947 की सुबह केवल तारीख नहीं थी, वह एक क्रांति थी। महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सुभाष चंद्र बोस और लाखों वीरों ने इस आजादी के लिए संघर्ष किया था। यह हमारा मौलिक कर्तव्य है कि हम अपने नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और देश प्रेमियों के योगदान, उनके कार्यों और बलिदानों को याद करें और अपने अंतर्मन में उनको संजोकर रखें।
5. सांस्कृतिक कार्यक्रम परिचय
एंकर: अब समारोह को आगे बढ़ाते हुए हमारे स्कूल के विद्यार्थी आपके सामने अद्भुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जो उन्होंने विशेष रूप से इस अवसर के लिए तैयार की हैं।
(गीत, नृत्य, नाटक, कविताएं - प्रत्येक कार्यक्रम से पहले एंकर का छोटा परिचय और कलाकारों का नाम)
6. प्रधानाचार्य का संबोधन
एंकर: अब मैं आमंत्रित करती हूं हमारे स्कूल के मार्गदर्शक, आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय/महोदया को, जो हमें अपने प्रेरणादायक शब्दों से इस दिन को और विशेष बनाएंगे।
(प्रधानाचार्य का भाषण)
7. समापन
आप सभी का इस स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने और इसे सफल बनाने के लिए धन्यवाद। आइए हम प्रतिज्ञा लें कि हम अपने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। इसी के साथ मैं आज के कार्यक्रम का समापन करती हूं।
जय हिन्द!
