मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है। अब देश के प्रतिष्ठित IIT में भी डॉक्टर बनने के बाद विशेषज्ञता हासिल करने का मौका मिलेगा। IIT खड़गपुर ने पोस्टग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MD कोर्स शुरू करने की तैयारी की है। खास बात यह है कि संस्थान में एमडी की 6 अलग-अलग स्पेशलाइजेशन में कुल 12 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को नीट पीजी 2026 की काउंसलिंग के दूसरे राउंड में विकल्प चुनने का मौका मिलेगा।
आईआईटी खड़गपुर में पहली बार शुरू होंगे MD के 6 स्पेशलाइजेशन कोर्स
6 पीजी कोर्सेज में 12 सीटें
यहां 6 पोस्टग्रेजुएट मेडिकल प्रोग्रामों में क्लिनिकल मेडिसिन, डायग्नोस्टिक्स और फंडामेंटल मेडिकल साइंसेज शामिल होंगे। इसमें जनरल मेडिसिन की 2 सीट, रेडियोलॉजी के 2 सीट, फिजियोलॉजी के 2, पाथोलॉजी के 2, कम्युनिटी मेडिसिन की 2 सीट और बायोकेमिस्ट्री की 2 सीटें शामिल हैं। यहां पहले बैच में भारत के किसी आईआईटी में एडमिशन लेने वाले पोस्टग्रेजुएट मेडिकल छात्र शामिल होंगे। ये प्रोग्राम आईआईटी खड़गपुर के डॉ. बी. सी. रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर के अंतर्गत चलाए जाएंगे।
मेडिकल की पढ़ाई को इंजीनियरिंग से जोड़ना
बता दें आईआईटी खड़गपुर की योजना मेडिकल की पढ़ाई को इंजीनियरिंग, बायोमेडिकल साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की है। इसके लिए संस्थान अपनी मौजूदा रिसर्च सुविधाओं का इस्तेमाल करेगा। इससे छात्रों को AI की मदद से बीमारी की पहचान करने, मेडिकल जांच की नई तकनीकें विकसित करने, शरीर के अंदर होने वाली बीमारियों का अध्ययन करने और बेहतर इलाज के तरीके खोजने का मौका मिलेगा। इसके अलावा मेडिकल उपकरण बनाने, कैंसर जैसी बीमारियों की जांच और मरीजों की जरूरत के हिसाब से इलाज तैयार करने जैसे क्षेत्रों में भी रिसर्च की जा सकेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जारी हुआ एसएससी जीडी कांस्टेबल पीईटी और पीएसटी का एडमिट कार्ड
