IGNOU Ph.d Exam: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की जुलाई 2026 सत्र की पीएच.डी. प्रवेश परीक्षा दिनांक 11 अक्टूबर 2026 (रविवार) को देशभर के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। जयपुर क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा इग्नू परीक्षा केन्द्र कोड 2357, महात्मा ज्योतिराव फुले महिला बी.एड. कॉलेज, राम नगर एक्सटेंशन, सोडाला, जयपुर पर आयोजित होगी। परीक्षा का समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक रहेगा। परीक्षा वस्तुनिष्ठ एवं ओएमआर आधारित होगी तथा इसकी अवधि तीन घंटे निर्धारित की गई है।
IGNOU PhD Admission
डॉ. ममता भाटिया, वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक, इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। परीक्षा केन्द्र के अधीक्षक एवं संबंधित कार्मिकों को विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा संचालन हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए हैं। सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा केन्द्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचें तथा अपने साथ प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं।
परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करें। इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर अभ्यर्थियों से परीक्षा के दौरान सभी नियमों एवं निर्देशों का पालन करने की अपील करता है ताकि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न हो सके। विद्यार्थियों को आ रही किसी भी प्रकार की समस्या के लिए क्षेत्रीय केंद्र जयपुर के ईमेल rcjaipur@ignou.ac.in पर पत्राचार कर सकते हैं।
बता दें कि इस बार विश्वविद्यालय ने मानविकी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, भाषा, प्रबंधन, शिक्षा और कला सहित कई क्षेत्रों में पीएचडी कार्यक्रमों की पेशकश की है.मनोविज्ञान, मानव विज्ञान, राजनीति विज्ञान और लोक प्रशासन जैसे सामाजिक विज्ञान विषयों के अलावा जैव रसायन विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भौतिकी, गणित और सांख्यिकी जैसे विज्ञान विषयों में भी शोध का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, फ्रेंच और अरबी जैसी भाषाओं में भी पीएचडी कार्यक्रम उपलब्ध हैं।
