IBPS PO Vacancy 2026: बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनल सेलेक्शन (IBPS) ने प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO)/मैनेजमेंट ट्रेनी (MT) भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत देश के 11 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कुल 6715 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस भर्ती के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार की आयु 20 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
सरकारी बैंकों में पीओ के 6715 पदों पर भर्ती
कब से कब तक आवेदन
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 1 जुलाई 2026 से 21 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल IBPS की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। यह भर्ती CRP PO/MT-XVI के तहत आयोजित की जा रही है, जिसके जरिए वर्ष 2027-28 के लिए विभिन्न सरकारी बैंकों में पीओ और मैनेजमेंट ट्रेनी की नियुक्ति होगी।
क्या है चयन प्रक्रिया
परीक्षा कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन अगस्त 2026 में और मुख्य परीक्षा अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित है। इसलिए उम्मीदवारों के पास तैयारी के लिए सीमित समय है और उन्हें अभी से अपनी रणनीति बनाकर पढ़ाई शुरू कर देनी चाहिए। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले प्रारंभिक ऑनलाइन परीक्षा (Preliminary Exam) आयोजित की जाएगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए बुलाया जाएगा। मुख्य परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों का इंटरव्यू होगा, जिसके बाद फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
आवेदन शुल्क
इस भर्ती में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को चयन के बाद आकर्षक वेतन और अन्य सरकारी सुविधाएं मिलेंगी। बैंक पीओ का पद सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की सबसे प्रतिष्ठित नौकरियों में से एक माना जाता है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 850 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये रखा गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
ऐसे में बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
