Education World School Ranking, Delhi Government School, State Government School Ranking: देश में राज्य सरकारों के स्कूलों की रैंकिंग में दिल्ली के दो सरकारी स्कूल शीर्ष पर हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के एजुकेशन टीम को बधाई दी और बताया कि राजधानी के दो सरकारी स्कूलों ने देश के शीर्ष स्कूलों में अपनी जगह बनाई है। टॉप 10 स्कूलों में दिल्ली के अलावा केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश के स्कूल भी शामिल हैं।
राज्य सरकार के स्कूलों की रैंकिंग में दिल्ली के दो स्कूल शीर्ष पर हैं।
दिल्ली के दो स्कूल शीर्ष पर
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा की उन्हें अपनी एजुकेशन टीम पर गर्व है। एक बार फिर दिल्ली सरकारी स्कूल एजुकेशन वर्ल्ड स्कूल रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। सूचना के अनुसार, दिल्ली के राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, सेक्टर 10, द्वारका पहले और राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, यमुना विहार ने दूसरे रैंक पर है। मुख्यमंत्री ने बताया कि शीर्ष स्कूलों की सूची में दिल्ली के पांच स्कूल शामिल हैं।
केंद्र सरकार के स्कूलों की लिस्ट भी जारी
एजुकेशन वर्ल्ड ने स्टेट गवर्मेंट और सेंट्रल गवर्नमेंट समेत अलग-अलग श्रेणियों के लिए बेस्ट स्कूलों की लिस्ट जारी की है। केंद्र द्वारा संचालित स्कूलों की बात करें तो आर्मी पब्लिक स्कूल, दक्षिण कमान, पुणे और आर्मी पब्लिक स्कूल, दिल्ली कैंट शीर्ष स्थान पर हैं। शीर्ष 10 की सूची में मुंबई, विशाखापट्टनम, कोच्चि, बेंगलुरु, पुणे, सिकंदराबाद, चेन्नई, थाने और जम्मू के स्कूल भी शामिल हैं।
2014 से की जा रही है रैंकिंग
एजुकेशन वर्ल्ड ने सी फोर के साथ मिलकर 15वां एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग सर्वेक्षण किया है। इसके लिए देश भर से 11458 अभिभावक, प्रिंसिपल, टीचर सीनियर स्कूल स्टूडेंट के साक्षात्कार किए गए हैं। बता दें कि यह एक निजी संस्था है जो साल 2014 से टॉप स्कूल रैंकिंग जारी करती आ रही है।
