Constitution Day 2026: हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह वही डेट है, जिस दिन भारत का संविधान बनकर तैयार हुआ था। संविधान दिवस (Constitution Day) हमें याद दिलाता है कि लोकतंत्र केवल अधिकारों की एक लिस्ट नहीं है, बल्कि साझा जिम्मेदारियों से चलने वाली एक व्यवस्था है। 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने संविधान को स्वीकार किया था, जिसके बाद यह 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया था। जहां भारतीय संविधान नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे मौलिक अधिकार देता है, वहीं दूसरी तरह यह देशवासियों को समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार भी बनाता है।
अधिकांश लोग संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के बारे में तो जानते हैं, लेकिन अधिकारों के साथ आने वाले कर्तव्यों के बारे में कम लोगों को पता है। सही मायने में अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं—बिना कर्तव्यबोध के अधिकारों का संतुलन अधूरा रहता है। आइए इस संविधान दिवस जानते हैं अनुच्छेद 51A के तहत दिए गए 11 मौलिक कर्तव्य और नागरिक जिम्मेदारी के बारे में विस्तार से।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- दिल्ली नर्सरी स्कूलों में अंकों के आधार पर जानें कैसे होगा दाखिला
संविधान दिवस का उद्देश्य
संविधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर और अन्य निर्माताओं के योगदान का सम्मान करना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती देना है।
संविधान में मौलिक कर्तव्य
आपको जानकर हैरानी होगी कि जिन मौलिक कर्तव्यों के बारे में आज हम बात कर रहे हैं, वह मूल संविधान में शामिल ही नहीं थे। इन्हें अलग से बाद में शामिल किया गया। जी हां, इन्हें स्वर्ण सिंह समिति की सिफारिशों के आधार पर 42वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1976 के माध्यम से संविधान के भाग-4क (Part IVA) के अनुच्छेद 51A में जोड़ा गया। शुरुआत में इनकी संख्या केवल 10 थी, लेकिन 86वें संविधान संशोधन अधिनियम, 2002 के जरिए 11वां मौलिक कर्तव्य जोड़ा गया, जिससे इनकी कुल संख्या अब 11 हो गई है।
भारतीय नागरिकों के 11 मौलिक कर्तव्य (Fundamental Duties)
| 1 | संविधान और प्रतीकों का सम्मान | संविधान का पालन करें और उसके आदर्शों, संस्थाओं, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान का आदर करें। |
| 2 | स्वतंत्रता संग्राम के आदर्श | राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन को प्रेरित करने वाले उच्च आदर्शों को हृदय में संजोए रखें और उनका पालन करें। |
| 3 | संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा | भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करें और उसे अक्षुण्ण रखें। |
| 4 | देश की रक्षा और राष्ट्रीय सेवा | देश की रक्षा करें और आह्वान किए जाने पर राष्ट्र की सेवा करें। |
| 5 | समरसता और महिलाओं की गरिमा | भारत के सभी लोगों में समरसता और समान भ्रातृत्व की भावना का निर्माण करें जो धर्म, भाषा और प्रदेश या वर्ग आधारित भेदभाव से परे हो, तथा ऐसी प्रथाओं का त्याग करें जो महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध हों। |
| 6 | साझा संस्कृति की धरोहर | हमारी सामासिक संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का महत्व समझें और उसका परिरक्षण करें। |
| 7 | पर्यावरण और जीवों के प्रति दया | प्राकृतिक पर्यावरण की—जिसके अंतर्गत वन, झील, नदी और वन्यजीव हैं—रक्षा करें और उसका संवर्धन करें तथा प्राणिमात्र के प्रति दयाभाव रखें। |
| 8 | वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सुधार की भावना | वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानवतावाद और ज्ञानार्जन तथा सुधार की भावना का विकास करें। |
| 9 | सार्वजनिक संपत्ति और अहिंसा | सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखें और हिंसा से दूर रहें। |
| 10 | उत्कृष्टता का प्रयास | व्यक्तिगत और सामूहिक गतिविधियों के सभी क्षेत्रों में उत्कर्ष की ओर बढ़ने का सतत प्रयास करें, जिससे राष्ट्र निरंतर बढ़ते हुए प्रयत्न और उपलब्धि की नई ऊंचाइयों को छू सके। |
| 11 | शिक्षा का अवसर (86वां संशोधन, 2002) | यदि कोई नागरिक माता-पिता या संरक्षक है, तो 6 से 14 वर्ष तक की आयु के अपने बच्चे या प्रतिपाल्य को शिक्षा के अवसर प्रदान करें। |
अधिकार और कर्तव्य का संतुलन क्यों है जरूरी
मौलिक कर्तव्य न्यायालय द्वारा सीधे प्रवर्तनीय (Enforceable) नहीं हैं, लेकिन ये एक जागरूक और जिम्मेदार समाज की नैतिक व नागरिक आधारशिला जरूर हैं। जब देश का हर नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा, स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण, सद्भाव और शिक्षा के अवसर जैसे कर्तव्यों को निभाता है, तो लोकतंत्र और अधिक मजबूत और सहभागी बनता है। क्योंकि इसमें न नागरिक केवल अपने अधिकारों के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी भूमिका निभा रहा है।
