AICTE Industry Fellowship 2026: तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने और कॉलेज की पढ़ाई को सीधे उद्योग जगत की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने के उद्देश्य से एक बड़ी पहल की गई है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपने महत्वाकांक्षी 'इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम' (IFP) के तहत योग्य फैकल्टी सदस्यों से आवेदन आमंत्रित करने शुरू कर दिए हैं। इस अनोखे कार्यक्रम के माध्यम से चयनित शिक्षकों को अपनी नियमित सैलरी प्राप्त करते हुए कम से कम एक वर्ष के लिए इंडस्ट्री में काम करने और व्यावहारिक अनुभव लेने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें हर महीने 1 लाख रुपये की अतिरिक्त फेलोशिप भी दी जाएगी। इच्छुक और योग्य टीचर 15 दिसंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल ifp.aicte.gov.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्र्शन कर सकते हैं।
AICTE Industry Fellowship 2026 (Photo - AI/Newsroom Verified)
फेलोशिप की राशि और प्रोग्राम का मुख्य लक्ष्य
बता दें कि इस प्रोग्राम के जरिए AICTE का लक्ष्य शैक्षणिक संस्थानों और कॉर्पोरेट जगत के बीच की दूरी को कम करना है। चयनित फैकल्टी सदस्यों को हर महीने कुल 1,00,000 रुपये की फेलोशिप दी जाएगी। इसमें 75,000 रुपये AICTE की ओर से और शेष 25,000 रुपये संबंधित इंडस्ट्री पार्टनर द्वारा प्रदान किए जाएंगे। इस फेलोशिप की सबसे खास बात यह है कि यह राशि शिक्षक को उनके मूल संस्थान से मिलने वाले नियमित वेतन के अलग होगी। इस चरण में AICTE की योजना 350 फैकल्टी सदस्यों को शामिल करने की है, जिसे वर्ष 2029-30 तक बढ़ाकर प्रति वर्ष 1,500 फेलो तक ले जाने की है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -16 नवंबर को स्कूल बंद रहेंगे या खुले? जानें छुट्टियों को लेकर अपडेट
AICTE इंडस्ट्री फेलोशिप 2026-27 के लिए पात्रता मानदंड
इस प्रोग्राम में शामिल होने के लिए आवेदकों को निम्नलिखित शर्तों को पूरा करना अनिवार्य है -
| बुनियादी योग्यता और आयु | उम्मीदवार का AICTE से मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय में रेगुलर फैकल्टी सदस्य होना जरूरी है। साथ ही, उनके पास कम से कम 5 साल का फुल-टाइम टीचिंग अनुभव होना चाहिए और अधिकतम आयु 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। |
| संस्थान की अनुमति | आवेदक के पास अपने मूल संस्थान से नामांकन और 'अनापत्ति प्रमाण पत्र' (NOC) होना अनिवार्य है। |
अतिरिक्त शैक्षणिक एवं पेशेवर योग्यताएं
- GATE, GRE, CAT, MAT, JRF, SRF या NET में से कोई एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा पास की हो।
- 'स्कोपस' या 'वेब ऑफ साइंस' इंडेक्स जर्नल्स में कम से कम 5 रिसर्च पेपर प्रकाशित किए हों।
- केंद्र या राज्य सरकार (या उनकी एजेंसियों) द्वारा वित्तपोषित कम से कम 15 लाख रुपये मूल्य के प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक पूरा किया हो।
- किसी मान्यता प्राप्त एजेंसी या विश्वविद्यालय से 'यंग साइंटिस्ट' या समकक्ष योग्यता पुरस्कार प्राप्त किया हो, या किसी CFTI/विश्वविद्यालय के UG/PG कोर्स में शीर्ष 3 रैंक या डॉक्टोरल प्रोग्राम में ऑनर्स/'बेस्ट थीसिस अवार्ड' हासिल किया हो।
आवेदन करने की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया
स्टेप 1 - सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ifp.aicte.gov.in पर विजिट करें।
स्टेप 2 - होमपेज पर उपलब्ध 'फैकल्टी रजिस्ट्रेशन' सेक्शन पर क्लिक करें।
स्टेप 3 - अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और टीचिंग अनुभव से जुड़ा पूरा विवरण सावधानीपूर्वक भरें।
स्टेप 4 - सभी निर्धारित दस्तावेज और अपने संस्थान द्वारा जारी किया गया NOC अपलोड करें।
स्टेप 5 - फॉर्म की अंतिम जांच करें, आवेदन सबमिट करें और भविष्य के रिकॉर्ड के लिए कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -JEE Main 2027 Session 1 के आवेदन के लिए 7 दिन बाकी, ऐसे करें आवेदन
शिक्षकों और छात्रों दोनों के लिए क्यों खास है यह पहल?
जब शिक्षक एक साल तक आधुनिक तकनीक, रिसर्च और औद्योगिक प्रक्रियाओं का सीधा अनुभव लेकर वापस अपने संस्थान लौटेंगे, तो वे किताबी ज्ञान के साथ-साथ छात्रों को लेटेस्ट इंडस्ट्री ट्रेंड्स के लिए तैयार कर सकेंगे। यह फेलोशिप शिक्षकों को नए पेटेंट फाइल करने, लाइव इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स पर काम करने और अपने संस्थानों में स्टार्टअप व इनोवेशन कल्चर विकसित करने में भी बड़ी मदद करेगी।
