15 August Speech in hindi for students: 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल में भाषण देना हर छात्र के लिए गर्व की बात होती है। अगर आपको भी स्कूल के कार्यक्रम में करीब छोटा या 2 मिनट का भाषण देना है, तो भाषण बहुत लंबा या कठिन बनाने की जरूरत नहीं है। कुछ प्रभावी बातें, सही शुरुआत और दमदार अंत आपके भाषण को यादगार बना सकते हैं। भाषण की शुरुआत हमेशा अभिवादन से करें। सबसे पहले प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और अपने साथियों का सम्मानपूर्वक अभिवादन करें। इसके बाद बताएं कि आप किस अवसर पर बोल रहे हैं। आप इस तरह शुरुआत कर सकते हैं:
15 अगस्त पर स्कूल में आसान भाषण कैसे दें? (Image - ChatGPT)
"आदरणीय प्रधानाचार्य जी, सम्मानित शिक्षकगण और मेरे प्यारे साथियों, आप सभी को मेरा सादर नमस्कार। आज हम सभी यहां अपने देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए एकत्र हुए हैं। इस पावन अवसर पर मुझे अपने विचार रखने का मौका मिला, इसके लिए मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं।"
इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम और आजादी के महत्व की बात करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Independence Day Poster Ideas: स्वतंत्रता दिवस पर पोस्टर कैसे बनाएं? स्कूल के बच्चों के लिए आसान गाइड
क्या 2 मिनट में दे सकते हैं आसान भाषण?
हां, अगर आप 2 मिनट का भाषण देना चाहते हैं तो बताएं - "15 अगस्त हमारे देश के इतिहास का एक बेहद महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन वर्ष 1947 में भारत ने लंबे संघर्ष के बाद ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की थी। यह आजादी हमें आसानी से नहीं मिली। इसके लिए महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस और अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष किया और अपना जीवन देश के नाम कर दिया।
आजादी का मतलब केवल अंग्रेजी शासन से मुक्त होना नहीं है। इसका अर्थ है कि हम अपने देश, समाज और अपने भविष्य के प्रति जिम्मेदारी समझें। एक छात्र के रूप में हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य है कि हम ईमानदारी से पढ़ाई करें, अनुशासन में रहें, दूसरों का सम्मान करें और देश की प्रगति में अपना योगदान देने के लिए खुद को तैयार करें।
आज हमारा देश विज्ञान, शिक्षा, खेल, तकनीक और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है। हमें भी अपने छोटे-छोटे प्रयासों से भारत को और बेहतर बनाने में योगदान देना चाहिए।
आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम संकल्प लें कि हम देश की एकता और अखंडता का सम्मान करेंगे, अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाएंगे और एक जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
जय हिंद! जय भारत!"
भाषण का अंत कैसे करें?
वैसे "जय हिंद! जय भारत!" कहना अच्छा रहेगा, अगर थोड़ा अलग अंदाज में खत्म करना चाहते हैं तो कह सकते हैं:
"हमारा देश हमारी पहचान है, इसकी तरक्की हमारी जिम्मेदारी है। आइए, मिलकर एक मजबूत, शिक्षित और बेहतर भारत बनाने का संकल्प लें। इसी संदेश के साथ मैं अपनी वाणी को विराम देता हूं। जय हिंद! जय भारत!"
भाषण देते समय इन बातों का रखें ध्यान
- भाषण को रटने के बजाय उसका भाव समझकर बोलें।
- शुरुआत में सभी को स्पष्ट आवाज में अभिवादन करें।
- बहुत तेज बोलने से बचें।
- महत्वपूर्ण बातों पर थोड़ा रुककर बोलें।
- मंच पर खड़े होकर सीधे सामने की ओर देखें।
- घबराहट होने पर 2-3 गहरी सांस लेकर शुरुआत करें।
- भाषण के अंत में आत्मविश्वास के साथ "जय हिंद!" बोलें।
सबसे जरूरी बात: 2 मिनट के भाषण में शब्दों से ज्यादा आपकी आवाज, आत्मविश्वास और देश के प्रति भावनाएं असर डालती हैं। इसलिए सरल भाषा में दिल से बोलेंगे तो भाषण ज्यादा प्रभावी लगेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Independence Day Speech: स्वतंत्रता दिवस पर 5 मिनट का बेहतरीन भाषण कैसे दें, जानें आसान तरीका
