Delhi NCR Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 11 December 2025: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में बुधवार सुबह दिल्ली एनसीआर के मौसम में हल्का बदलाव नजर आया। हवा की गति बढ़ने के कारण प्रदूषण स्तर में कुछ कमी तो दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद कई जगहों पर स्मॉग और हल्के कोहरे के चलते दृश्यता कम बनी हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने 11 दिसंबर की सुबह हल्के कोहरे, साफ आसमान और सामान्य से कम न्यूनतम तापमान की संभावना व्यक्त की है। राजधानी में कोहरे और ठंड के साथ-साथ प्रदूषण का प्रभाव भी स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है।
दिल्ली NCR का मौसम
पिछले 24 घंटों में दिल्ली के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। अधिकतम तापमान में जहां करीब 1°C की कमी दर्ज की गई, वहीं न्यूनतम तापमान 1 से 2°C तक बढ़ गया। इस अवधि में अधिकतम तापमान 23 से 26°C के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 10°C तक रिकॉर्ड किया गया। कई स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से 1.6 से 3.0°C कम रहा, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह सामान्य सीमा (-1.5 से 1.5°C) के भीतर बना रहा। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में दिन का तापमान सामान्य, सामान्य से थोड़ा कम या कुछ स्थानों पर सामान्य से अधिक भी दर्ज किया गया। सफदरजंग एयरपोर्ट से धुएं की मौजूदगी की सूचना मिली। बीते 24 घंटों के दौरान आसमान ज़्यादातर साफ रहा और सतह पर पश्चिम दिशा से लगभग 18 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। आज सुबह भी मौसम साफ रहा और दक्षिण-पश्चिम दिशा से करीब 10 किमी प्रतिघंटा की गति वाली हवाएं चलती रहीं।
दिल्ली में आज का मौसम
अगर आज के मौसम की बात करें, तो गुरुवार 11 दिसंबर को दिल्ली–NCR में मौसम मुख्यतः साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। आज अधिकतम तापमान 23 से 25°C और न्यूनतम तापमान 7 से 9°C के बीच रहने का अनुमान है। हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से लगभग 5–10 किमी प्रति घंटा की गति से चलेगी। राजधानी के नॉर्थ, साउथ, सेंट्रल, वेस्ट, ईस्ट और शाहदरा क्षेत्रों में सुबह हल्का कोहरा और साफ आसमान रहेगा। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में सुबह धुंध की पतली परत के कारण दृश्यता में थोड़ी कमी देखी जा सकती है।
आने वाले दिनों का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 3 से 5 दिनों में दिल्ली–NCR में कोहरा और ठंड बढ़ने की संभावना है। 12 दिसंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और सुबह हल्का कोहरा रहने की उम्मीद है। 13 और 14 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक बादल छा सकते हैं और सुबह मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। 15 और 16 दिसंबर को मौसम फिर से साफ रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3°C की गिरावट आ सकती है, जिसके बाद यह थोड़ा बढ़ सकता है।
