Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना में ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटे एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने चरित्र पर संदेह के चलते अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना पकहोवाल रोड स्थित विकास नगर की है, जहां आरोपी ने शनिवार देर शाम वारदात को अंजाम दिया। मृतका की पहचान 49 वर्षीय कमलदीप कौर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम रविंदर सिंह है जो लुधियाना में पिक-अप वैन चलाता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लुधियाना में शख्स ने की पत्नी की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
दूध लेने बाजार भेजा और घर में कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, दंपत्ति का छोटा बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दोनों कुछ समय पहले वहीं गए थे। कमलदीप कौर चार महीने पहले भारत लौट आई थीं, जबकि रविंदर 29 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से वापस आया था। उनका बड़ा बेटा गगनदीप सिंह लुधियाना वाले घर पर ही रहता है।
बेटे गगनदीप द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, पिता के वापस आने के बाद से माता-पिता के बीच किसी विवाद के कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिख रहे थे। शनिवार शाम को पिता ने गगनदीप को स्थानीय बाजार से दूध लाने के लिए भेजा। जब गगनदीप दूध लेकर वापस लौटा, तो उसने अपने पिता को घर से बाहर भागते हुए देखा। पूछने पर रविंदर ने कहा कि अंदर जाकर देखो।
अंदर जाने पर गगनदीप ने देखा कि उसकी मां बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी थीं। उनके पेट और गर्दन पर चाकू से वार किए गए थे। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
थाना दुगरी के SHO गुरमुख सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की वजह चरित्र पर शक सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी हत्या की योजना बनाकर ही ऑस्ट्रेलिया से आया था, क्योंकि लौटने के महज दो दिन के भीतर ही उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी ने रसोई के चाकू से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से उसने चाकू को धोकर वापस रसोई में रख दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। दुगरी थाने में मामला दर्ज कर आरोपी रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
