Odisha News: ओडिशा के संबलपुर शहर के ऐंठापाली इलाके में रविवार को एक फिल्मी अंदाज में अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई। ट्रांसपोर्ट व्यवसायी मनोज बोहिदार को हथियारबंद बदमाशों ने ऑफिस से घसीटकर काले रंग की थार गाड़ी में जबरन बैठा लिया। हालांकि कारोबारी ने जबरदस्त हिम्मत दिखाई और खुद को किडनैपर्स के चंगुल से छुड़ाकर बच निकला।
चार आरोपी गिरफ्तार
ऑफिस में घुसे हथियारबंद बदमाश
जानकारी के अनुसार, मनोज बोहिदार अपने ऑफिस में काम कर रहे थे तभी अचानक कुछ लोग धारदार हथियार लेकर अंदर घुस आए। उन्होंने मनोज को धमकाया और जान से मारने की नीयत से हमला करने लगे। इस दौरान ऑफिस में मौजूद दो महिला कर्मचारी उन्हें बचाने की कोशिश करती रहीं लेकिन बदमाशों के सामने वे असहाय हो गईं।
सीसीटीवी में कैद पूरी वारदात
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि हथियारों से लैस आरोपी मनोज को बुरी तरह पीटते हुए बाहर घसीट ले जा रहे हैं। महिलाएं बीच-बचाव का प्रयास करती नजर आती हैं लेकिन वे उन्हें धक्का देकर किनारे कर देते हैं। इसके बाद मनोज को जबरन थार गाड़ी में बैठाकर बदमाश फरार हो जाते हैं।
कारोबारी की हिम्मत और पुलिस की कार्रवाई
हालांकि बदमाशों की गिरफ्त में आने के बाद भी मनोज बोहिदार ने साहस दिखाया और किसी तरह उनके चंगुल से बचकर भाग निकला। उसने घटना की शिकायत ऐंठापाली थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज को जब्त किया और छानबीन शुरू की।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह और अन्य शामिल लोगों की तलाश कर रही है। इस घटना से संबलपुर शहर में दहशत का माहौल है।
