Raja Raghuvanshi murder case : राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघालय पुलिस ने सोमवार को इंदौर में शिलोम जेम्स के घर से सीसीटीवी डीवीआर जब्त किया है। शिलोम जो कि प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है, उस पर आरोप है कि उसने सोनम को छिपने के लिए कथित रूप से किराए पर एक फ्लैट दिया था। राजा की हत्या के बाद सोनम जब भागकर इंदौर पहुंची तो वह इसी फ्लैट में रुकी थी। मेघालय पुलिस ने शिलोम को 21 जून को गिरफ्तार किया।
राजा की हत्या होने के बाद इंदौर के एक फ्लैट में छिपी थी सोनम।
13 दिनों की न्यायिक हिरासत में है सोनम
सोनम रघुवंशी अन्य आरोपियों के साथ मेघालय में न्यायिक हिरासत में है। सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने अपनी बहन को कड़ी सजा देने की मांग की है। एएनआई से गोविंद ने कहा कि चूंकि सोनम पहले ही अपराध कबूल कर चुकी है, इसलिए उसे कठोर सजा मिलनी चाहिए। पुलिस हमारा बयान दर्ज कर चुकी है। यदि वह हमें शिलांग बुलाती है तो हम जाएंगे। शनिवार को शिलांग के सत्र न्यायालय ने सोनम और राज कुशवाहा को 13 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
राज कुशवाह का हो ‘नार्को टेस्ट’
हनीमून के दौरान जान से मार डाले गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के बड़े भाई ने सोमवार को कहा कि उनका परिवार इस बहुचर्चित हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह का ‘नार्को टेस्ट’ कराने के लिए मेघालय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा। राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘मेरे भाई की हत्या का मकसद अब तक अस्पष्ट है। इसके बारे में सोनम और कुशवाह के ‘नार्को टेस्ट’ से सुराग मिल सकता है। लिहाजा हम दोनों आरोपियों के ‘नार्को टेस्ट’ के लिए मेघालय उच्च न्यायालय में जल्द ही याचिका दायर करेंगे।’
हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे
उन्होंने संदेह जताया कि उनके भाई की हत्या के पीछे कथित 'प्रेम त्रिकोण' के अलावा आरोपियों द्वारा बड़ा आर्थिक लाभ हासिल करने का मकसद भी ही सकता है। मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी की 23 मई को साजिशन हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उनकी पत्नी सोनम और कुशवाह समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। राजा रघुवंशी, मेघालय में हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे। उनका क्षत-विक्षत शव पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में दो जून को मिला था।
