Mumbai: मुंबई पुलिस ने इसी साल जुलाई महीने में मुंबई से सटे डोंबिवली के ICICI बैंक के कैश चेस्ट से 34 करोड़ रुपए लूट के मामले में सफलता हासिल की है। मुंबई पुलिस ने इस पूरे मामले में पुणे से बैंक के कैश कस्टोडियन मैनेजर को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस के सूत्रों ने कहा कि मामले में मास्टरमाइंड अल्ताफ शेख मुंबई के डोंबिवली में आईसीआईसीआई बैंक में कैश कस्टोडियन मैनेजर के रूप में काम करता था। मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मास्टरमाइंड से करीब 9 करोड़ रुपए जब्त किए हैं।
मुंबई पुलिस ने 3 महीने बाद किया बैंक लूट का खुलासा। (File Photo)
3 महीने बाद मुंबई पुलिस ने किया बैंक लूट का खुलासा
वेब सीरीज Money Heist देखकर बनाया था प्लान
नेटफ्लिक्स पर आई वेब सीरीज मनी हीस्ट (Money Heist) को देखने के बाद ही मास्टरमाइंड अल्ताफ शेख को बैंक के चेस्ट से लूट की घटना को अंजाम दिया। दरअसल बैंक के कैश कस्टोडियन मैनेजर होने के नाते मास्टरमाइंड अल्ताफ शेख बैंक में लगे सिक्योरिटी सिस्टम से अच्छी तरह से वाकिफ था। मास्टरमाइंड अल्ताफ शेख ने दीवार में लगे एयर कंडीशनिंग डक्ट के जरिए लूट की इस घटना को अंजाम दिया।
मास्टरमाइंड ने नवी मुंबई के तलोजा में एक किराए के स्थान पर बैंक से कैश ट्रांसफर करने के लिए अपनी बहन नीलोफर समेत अपने तीन सहयोगियों की मदद ली। जांच में पुलिस अधिकारियों को पता चला कि मास्टरमाइंड अल्ताफ शेख ने कुछ महीने पहले मरम्मत के दौरान एयर कंडीशनिंग डक्ट को खुला देखा और देखा कि डक्ट का इस्तेमाल लूट के लिए किया जा सकता है।
लूट की घटना को 9 जुलाई को बैंक की छुट्टी के दिन अंजाम दिया गया था। शेख ने बैंक के अलार्म सिस्टम को डिसेबल कर दिया और साथ ही सीसीटीवी फुटेज को सभी हार्ड डिस्क को हटा दिया था। आलार्म सिस्टम डिसेबल हो जाने के बाद मास्टरमाइंड ने एयर कंडीशनिंग डक्ट के जरिए लूट को अंजाम दिया। इसके बाद मास्टमाइंड शेख ने बैंक को बताया कि सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की हार्ड डिस्क चोरी हो गई है और कैश गायब होने के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मास्टमाइंड ने अपने साथियों को 12 करोड़ रुपए सौंपे और बचा हुआ पैसा अपनी बहन के साथ तलोजा में किराए के कमरे में ले गया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शेखर बगडे ने कहा कि हमने पाया कि किराए का कमरा मास्टमाइंड शेख और उसकी बहन नीलोफर के नाम पर था। साथ ही कहा कि जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि शेख ही चोरी का मास्टरमाइंड था। मुंबई पुलिस ने इस मामले में मास्टमाइंड की बहन नीलोफर के अलावा इसरार कुरैशी, अहमद खान और अनुज गिरी को भी गिरफ्तार किया है।
