Mumbai Crime News: मुंबई के मरीन ड्राइव स्थित एक छात्रावास में 18 साल की एक लड़की का शव मिला है। हैरान करने वाली बात है कि जिस गार्ड पर हत्या का शक था, उस फरार सेक्युरिटी गार्ड का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस ने बताया कि गार्ड ने एक ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। आरोपी की पहचान सिक्युरिटी गार्ड प्रकाश कन्नौजिया के रूप में हुई है। प्रकाश उसी छात्रावास में गार्ड था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
मुंबई में छात्रावास में लड़की का शव मिला।
लड़की का कमरा बाहर से बंद था
मंगलवार को चर्चगेट इलाके स्थित महिला छात्रावास के एक कमरे में 18 साल की लड़की का शव बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि लड़की का कमरा बाहर से बंद था। कमरे के अंदर वह मृत मिली, उसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने रेप करने के बाद लड़की की हत्या कर दी।
सेक्युरिटी गार्ड की लाश रेलवे ट्रैक पर मिली
पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रकाश का शव चरनी रोड के समीप रेलवे ट्रैक पर मिला। मुंबई पुलिस ने कहा, 'आरोपी का शव चरनी रोड रेलवे ट्रैक पर मिला। वह उसी छात्रावास में सेक्युरिटी गार्ड का काम कर रहा था।' आरोपी के खिलाफ रेप एवं मर्डर का केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने लड़की का शव पोस्टमार्टम लिए भेजा है।
लड़की के शरीर पर कपड़े नहीं थे
मुंबई पुलिस के डीसीपी प्रवीण मुंडे ने बताया कि 'मरीन ड्राइव स्थित महिला छात्रावास के चौथी मंजिल पर 18 साल की लड़की का शव उसके कमरे से बरामद हुआ। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफआईआर दर्ज किया। मामले की जांच की जा रही है।' लड़की हॉस्टल के कमरे में अकेले रहती थी। पुलिस ताला तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। कमरे के अंदर पुलिस ने पाया कि लड़की के शरीर पर कपड़े नहीं थे। उसके गर्दन एवं प्राइवेट पार्ट्स पर चोट के निशान थे।
