Ravi Uppal arrested : महादेव एप स्कैम का आरोपी रवि उप्पल दुबई में गिरफ्तार हुआ है। इंटरपोल की नोटिस पर दुबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। इंटरपोल ने रवि के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। बता दें कि रवि महादेव ऐप घोटाले के मुख्य आरोपियों में से एक है। उसे जल्द ही प्रत्यर्पित कर भारत लाया जाएगा। आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
महादेव एप का प्रमोटर है रवि उप्पल।
महादेव एप का दूसरा प्रमोटर सौरभ है। इन दोनों ने एक बयान में महादेव ऐप और सट्टेबाजी घोटाले में शामिल होने से इनकार किया है। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी शुभम सोनी पर डाल दी। ईडी ने यूएई में भारतीय दूतावास से शुभम सोनी का बयान लिया लिया है।
मनी लॉन्ड्रिंग केस का मास्टरमाइंड है रवि
रवि पर आरोप है कि वह 6,000 करोड़ रुपये के एक मनी लॉन्ड्रिंग केस का मास्टरमाइंड है। इस घोटाले में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल का नाम भी आया है। महादेव ऐप का दूसरा प्रमोटर सौरभ चंद्राकर भी जल्द UAE में दबोचा जा सकता है। गिरफ्तारी के बाद उसे भी भारत को हैंडओवर किया जाएगा। ईडी ने रायपुर की स्पेशल कोर्ट से इन दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट लिया। उसके बाद, अक्टूबर में इन दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था।
बघेल को 508 करोड़ रुपये का भुगतान करने का आरोप
ईडी ने नवंबर में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले दावा किया था कि फोरेंसिक विश्लेषण और असीम दास नामक 'कैश कूरियर' द्वारा दिए गए बयान से ‘चौंकाने वाले’ खुलासे हुए हैं कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रवर्तकों ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है और यह जांच का विषय है। अधिकारियों ने कहा कि ईडी की जांच से पता चला है कि महादेव ऐप यूएई के एक केंद्रीय प्रधान कार्यालय से चलाया जाता है। कंपनी के प्रवर्तक छत्तीसगढ़ के भिलाई से हैं।
