Jharkhand Family Dispute Murder: झारखंड के खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र के साके गांव में एक परिवारिक विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। 18 वर्षीय युवक ने अपने ही चाचा की ईंट से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, युवक एतवा सोय को शक था कि उसके चाचा सामू सोय का उसकी मां के साथ अनुचित संबंध है। गुरुवार दोपहर इस विषय पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद एतवा ने चाचा पर ईंट से कई बार वार किया।
झारखंड में युवक ने ईंट से मारकर चाचा की हत्या कर दी (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)
गंभीर रूप से घायल सामू सोय घटना स्थल पर ही दम तोड़ बैठे। इस सूचना के बाद, अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के निर्देश पर पुलिस उपनिरीक्षक कुंदन कुमार अपने दल के साथ साके गांव पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर खूंटी सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने शुक्रवार को उसी गांव में छापेमारी कर आरोपी एतवा सोय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। साथ ही, पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल ईंट, खून लगी टी-शर्ट और खून से सनी मिट्टी के नमूने भी जब्त किए हैं।
पारिवारिक विवाद और शक के चलते उठाया कदम
अड़की थाना प्रभारी ने बताया कि यह हत्या पूर्वनियोजित नहीं थी, बल्कि पारिवारिक विवाद और शक के चलते आरोपी युवक ने अचानक गुस्से में आकर यह कदम उठाया। पुलिस ने इस मामले में अड़की थाना कांड संख्या 56/25 और भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी युवक हाल के दिनों में मानसिक रूप से परेशान रहता था और अक्सर घर में झगड़ा करता था। हत्या की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि जांच अभी जारी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट - आईएएनएस)
