Raja Raghuvanshi Murder Mystery: शिलांग की खामोश वादियों में इंदौर से गया प्यार का सफर खून से रंग गया। हनीमून पर निकला नवविवाहित जोड़ा रहस्यमय हालातों में लापता हुआ और 11 दिन बाद पति की लाश गहरी खाई से मिली। पत्नी सोनम रघुवंशी अब भी गायब है और उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
11 दिन बाद मिला राजा रघुवंशी का शव, पत्नी सोनम अब भी लापता
इंदौर का नवविवाहित जोड़ा हनीमून के लिए शिलांग पहुंचता है। प्यार, सपनों और भविष्य की उम्मीदों से भरा ये सफर अचानक एक दर्दनाक रहस्य में तब्दील हो जाता है। 23 मई को आख़िरी बार उनकी लोकेशन ओसरा हिल्स के पास पाई जाती है, जहां उनकी किराए की स्कूटी लावारिस हालत में मिलती है। इसके बाद से दोनों मोबाइल स्विच ऑफ और किसी भी संपर्क से बाहर। 11 दिन की तलाश के बाद सोमवार को पति राजा रघुवंशी की लाश एक गहरी खाई में मिलती है। उसकी पहचान उसके दाहिने हाथ पर बने टैटू राजा से होती है। पत्नी सोनम रघुवंशी अब भी लापता है , उसकी जानकारी किसी को नहीं है।
परिवार का आरोप -सोची समझी साजिश
लाश के पास टूटा हुआ मोबाइल फोन, एक महिला की सफेद शर्ट, कुछ दवाइयां और एक स्मार्ट वॉच बरामद होती है, लेकिन जो गायब है वो है – सच्चाई। राजा और सोनम के कीमती सामान ,दो हीरे के कंगन, दो सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, चार मोबाइल और पर्स। परिजन कह रहे हैं कि ये कोई एक्सिडेंट नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है। हत्या के बाद लूट की वारदात को छुपाने की कोशिश की गई है।
परिवार पुलिस के जांच से नाखुश
पुलिस ने अब मामला हत्या का दर्ज कर लिया है और एसआईटी गठित कर दी गई है। लेकिन परिवार संतुष्ट नहीं। उनका कहना है कि स्थानीय पुलिस ने शुरुआत में गाइड और चश्मदीदों से सही पूछताछ नहीं की। अब वे सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं ताकि सच सामने आए। परिजनों को शक है कि कपल को एक ही जगह से अगवा किया गया, फिर किसी सुनसान इलाके में राजा की हत्या कर दी गई और सोनम को गायब कर दिया गया।
किसने की राजा रघुवंशी की हत्या?
क्या ये किसी लुटेरी गैंग का काम है? क्या कपल को निशाना बनाया गया? क्या किसी स्थानीय व्यक्ति ने धोखा दिया या फिर कोई पहले से जान-पहचान वाला इस खूनी खेल का मास्टरमाइंड है? सोनम कहां है? और अगर वो जिंदा है, तो अब तक सामने क्यों नहीं आई?
खाई में मिला राजा रघुवंशी का शव
मेघालय में कुछ दिन पहले पत्नी के साथ लापता हुए इंदौर के 29 वर्षीय पर्यटक राजा रघुवंशी का शव सोमवार को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला। अधिकारियों ने बताया कि राजा और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को नोंग्रियाट गांव में स्थित अतिथि गृह से निकलने के कुछ घंटे बाद ही लापता हो गए थे। नोंग्रियाट गांव उस जगह से 20 किलोमीटर की दूरी पर है, जहां उनका शव मिला।
सोनम रघुवंशी अब भी लापता
मौके से एक महिला की सफेद शर्ट, दवाई, मोबाइल फोन की स्क्रीन का एक हिस्सा और एक स्मार्टवॉच भी बरामद हुआ है।उन्होंने कहा कि शव को बाद में पोस्टमार्टम के लिए उत्तर पूर्वी इंदिरा गांधी क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया।पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने कहा कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
22 मई को किराए के स्कूटर पर मावलखियात गांव पहुंचे थे
तीस मई को अत्यधिक भारी बारिश और कम दृश्यता के कारण खोज व बचाव अभियान को रोकना पड़ा था, जिसे पुलिस ने 24 मई को शुरू किया था।मध्यप्रदेश के इंदौर से आए पति-पत्नी 22 मई को किराए के स्कूटर पर मावलखियात गांव पहुंचे थे। उन्होंने अपना स्कूटर खड़ा किया और नोंग्रियाट गांव में प्रसिद्ध ‘लिविंग रूटब्रिज’ देखने गए, जहां वे रात भर ठहरे और अगली सुबह रवाना हो गए। (भाषा इनपुट के साथ)
