दिल्ली के द्वारका इलाके में एक स्कूली छात्रा(12वीं की छात्रा ) पर बाइक सवार दो लोगों ने एसिड जैसे पदार्थ फेंक दिया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक सुबह 9 बजे के करीब पीसीआर वैन ने कॉल रिसीव की। मामला मोहन गार्डेन पुलिस स्टेशन का है। पीड़िता को आनन फानन में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय पीड़ित लड़की अपनी बहन के साथ थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
दो के खिलाफ नामजद एफआईआर
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम. हर्षवर्धन ने कहा, “बताया गया है कि आज सुबह करीब साढ़े सात बजे मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने 17 वर्षीय लड़की पर कथित रूप से तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया।अधिकारी ने कहा कि घटना के समय लड़की अपनी छोटी बहन के साथ थी। सफदरजंग अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है।डीसीपी ने कहा कि लड़की ने दो लोगों को नामजद किया है, जो हमले के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं।
दिल्ली महिला आयोग ने लिया संज्ञान
स्कूली छात्रा पर एसिड अटैक मामले में दिल्ली महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। महिला आयोग ने कहा कि पीड़ित लड़की की हरसंभव मदद की जाएगी। इसके साथ ही पीड़िता को इंसाफ दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी। आयोग ने कहा कि देश में तेजाब को बैन करने के लिए लड़ाई जा रही है। देखने वाली बात होगी कि सरकार इस संवेदनशील मुद्दे पर कब फैसला करती है।
