मेरठ : नौचंदी मेले के दौरान महिलाओं और महिला पुलिसकर्मियों पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाले युवकों का वीडियो कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने पर पुलिस हरकत में आई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी युवक सार्वजनिक रूप से माफी मांगते नजर आए। घटना का वीडियो तीन दिन पहले का बताया जा रहा है, जिसमें एक युवक मेले में मोबाइल से वीडियो बनाते हुए महिलाओं और महिला पुलिसकर्मियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करता हुआ साफ सुना जा सकता है। आरोपी के साथ उसके कुछ साथी भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की।
नौचंदी मेले के आरोपी गिरफ्तार
वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अमन पुत्र अकबर और समीर पुत्र निशार अहमद के रूप में हुई है, दोनों जाकिर कॉलोनी थाना लोहियानगर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
भविष्य में महिलाओं का सम्मान करेंगे-आरोपी
पुलिस हिरासत में दोनों युवकों ने हाथ जोड़कर, कान पकड़कर माफी मांगी और कहा कि वे भविष्य में महिलाओं का सम्मान करेंगे। वीडियो में दोनों कहते सुने गए—"गलती हो गई, आगे से नहीं होगी… जितनी लड़कियां हैं, सबको मां-बहन मानेंगे। इस वीडियो के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल जांच कर गिरफ्तारी की। मामले की जांच अभी जारी है।
