'पर्दे के पीछे काफी कुछ चल रहा है, IPL 2022 में एक ही टीम से खेलते दिख सकते हैं ये दो भारतीय'- विटोरी का बड़ा दावा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 4, 2021, 06:40 AM IST

Hardik Pandya and KL Rahul, IPL 2022 Auction: आईपीएल 2022 के लिए खिलाड़ियों की मेगा नीलामी आगामी जनवरी में होने वाली है। इस बार आईपीएल में पहली बार ये दो दिग्गज साथ खेलते दिख सकते हैं.

'पर्दे के पीछे काफी कुछ चल रहा है, IPL 2022 में एक ही टीम से खेलते दिख सकते हैं ये दो भारतीय'- विटोरी का बड़ा दावा
Photo Credit: PTI

आईपीएल 2022 के लिए जब 30 नवंबर को सभी 8 टीमों ने उन खिलाड़ियों की सूची सौंपी जिनको वे रिटेन (बरकरार रखना) करना चाहते हैं, तो कुल 27 नाम निकलकर सामने आए। इनमें चौंकाने वाली बात ये रही कि भारत के कई दिग्गज खिलाड़ी इस लिस्ट में मौजूद नहीं थे। अब यहां भी दो पहलू हैं, पहला कि इन दिग्गजों की टीमों ने इनको खुद से अलग कर दिया, या फिर दूसरा पहलू कि इन्होंने बेहतर कमाई को नजर में रखते हुए खुद ही अपनी टीम से अलग होने का फैसला लिया। न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज कप्तान डेनियल विटोरी ने ऐसे ही दो भारतीय खिलाड़ियों के बारें में बात की है।

आगामी आईपीएल सीजन के लिए जो 27 खिलाड़ी रिटेन किए गए उसमें 19 भारतीय खिलाड़ी हैं। इनमें धोनी, रोहित, विराट, बुमराह, जडेजा, रिषभ पंत जैसे दिग्गजों के नाम शामिल थे। इनकी टीमों ने इनको अपने साथ बरकरार रखने का फैसला किया है। लेकिन टीम इंडिया के दो ऐसे धाकड़ खिलाड़ी हैं जिनका नाम इस लिस्ट से गायब देखकर सब हैरत में थे। ये खिलाड़ी हैं केएल राहुल और हार्दिक पांड्या।

खिलाड़ियों के गठबंधन

अब न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और आरसीबी के कोच रह चुके डेनियल विटोरी ने भी इस पूरी ताजा तस्वीर को समझने की कोशिश की और उन्होंने एक बड़ा दावा किया है। विटोरी का मानना है कि पर्दे के पीछे भी एक रणनीति और तैयारी जारी है। कुछ मामलों में खिलाड़ी खुद ही अपनी तैयारी में जुटे हैं और खिलाड़ियों के गठबंधन भी बनते दिख रहे हैं। विटोरी के मुताबिक ऐसी ही एक जोड़ी केएल राहुल और हार्दिक पांड्या की है जो आगामी आईपीएल में एक ही टीम से खेलते दिख सकते हैं।

पर्दे के पीछे काफी कुछ हो रहा है

ईएसपीएनक्रिकइंफो से बातचीत में डेनियल विटोरी ने कहा, "उसको लगता है कि वो अब पूरी तरह तैयार है और इसलिए शायद अलायंस (Alliance) बनना शुरू हो गए हैं। केएल और हार्दिक एक दूसरे के काफी करीब हैं, शायद वे और उनके अन्य साथी इस मौके को भुनाते हुए लखनऊ की नई टीम का हिस्सा बनते नजर आएं। इस समय बैकग्राउंड में काफी चीजें हो रही हैं और हमको आने वाले दिनों में ही इसके बारे में पता चलेगा। मुझे लगता है कि बहुत से खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ खेलना चाहते हैं।"

25 दिसंबर को भी तस्वीर साफ हो सकती है

केएल राहुल को लेकर पहले से ही खबरें आ रही थीं कि उन्होंने खुद किंग्स इलेवन पंजाब से अलग होने का फैसला ले लिया है क्योंकि वो आईपीएल में शामिल होने वाली दो नई टीमों में से एक- लखनऊ की टीम का हिस्सा बनने की तैयारी कर चुके हैं। आगामी 25 दिसंबर अंतिम तारीख है जब अहमदाबाद और लखनऊ की नई टीमों को नीलामी से पहले 3-3 खिलाड़ियों को चुनने का मौका मिलेगा। अगर केएल राहुल लखनऊ के कप्तान बनकर जाते हैं तो बड़ी बात नहीं होगी कि वो टीम इंडिया के अपने साथी खिलाड़ी व करीबी दोस्त हार्दिक पांड्या को भी साथ लाने की तैयारी कर चुके हो।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!