एक और झटका: रिषभ पंत के बाद इंग्लैंड में भारतीय दल का एक और सदस्य कोविड पॉजिटिव, दो अन्य क्वारंटीन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 15, 2021, 06:13 PM IST

Covid-19 cases rise in Indian cricket team on England tour: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत के कोविड संक्रमित होने की पुष्टि के बाद अब दल के एक और सदस्य के संक्रमित होने की खबर है।

एक और झटका: रिषभ पंत के बाद इंग्लैंड में भारतीय दल का एक और सदस्य कोविड पॉजिटिव, दो अन्य क्वारंटीन

इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने होने वाली टेस्ट श्रृंखला से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और थ्रोडाउन विशेषज्ञ दयानंद जारानी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं जबकि दो अन्य को पृथकवास में रखा गया है। कोचिंग स्टाफ के एक सदस्य और रिजर्व विकेटकीपर रिधिमान साहा को पृथकवास में रखा गया है जो दयानंद के संपर्क में आये थे।

ये चारों लंदन में हैं जबकि बाकी टीम 20 दिन के ब्रेक के बाद शाम को डरहम में एकत्र होगी । लंदन से डरहम बस से जाने में पांच घंटे लगते हैं। पंत और साहा 20 जुलाई से एक संयुक्त काउंटी टीम के खिलाफ होने वाला अभ्यास मैच नहीं खेल सकेंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्र ने पुष्टि की है कि पंत को पिछले आठ दिनों से अलग-थलग रखा गया है। सूत्र के अनुसार इस समय उनमे लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं।

सूत्र ने कहा, ‘‘वह अपने एक परिचित के यहां पृथकवास पर है और गुरुवार को टीम के साथ डरहम की यात्रा नहीं करेगा।’’ सूत्र ने हालांकि यह नहीं बताया कि यह 23 वर्षीय खिलाड़ी कब टीम के साथ जुड़ेगा। पंत का अगले कुछ दिनों में कोविड-19 परीक्षण होने की उम्मीद है। पंत और चोटिल शुभमन गिल के अलावा बाकी पूरी भारतीय टीम गुरुवार को लंदन से डरहम रवाना हो गई। गिल को इस महीने की शुरुआत में पैर में चोट लगी थी और यह युवा बल्लेबाज टीम के जैविक रूप से सुरक्षित माहौल से बाहर आ चुका है।

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने इससे पहले ब्रिटेन में मौजूद भारतीय दल को हाल में ई-मेल भेजकर वहां कोविड-19 के बढ़ते मामलों के प्रति चेताया था।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले महीने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद खिलाड़ियों को ब्रेक दिया गया था। भारत ने यह मुकाबला गंवा दिया था। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने गुरुवार को पीटीआई को बताया, ‘‘हां, एक खिलाड़ी पॉजिटिव पाया गया है लेकिन वह पिछले आठ दिनों से अलग-थलग है। वह टीम के साथ किसी होटल में नहीं है, इसलिए कोई अन्य खिलाड़ी प्रभावित नहीं हुआ।’’

शुक्ला ने कहा, ‘‘अब तक कोई और खिलाड़ी पॉजिटिव नहीं पाया गया है। आपको जानकारी होगी कि हमारे सचिव जय शाह ने सभी खिलाड़ियों को पत्र लिखकर नियमों का पालन करने को कहा है।’’ समझा जा रहा है कि पंत वायरस के डेल्टा प्रकार से संक्रमित है जिसके कारण इंग्लैंड में संक्रमण के मामलों में इजाफा हो रहा है। उन्हें पिछले महीने यूरो फुटबॉल चैंपियनशिप के मुकाबले के दौरान स्टेडियम में देखा गया था और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर भी पोस्ट की थी। हल्के बुखार के बाद पंत ने परीक्षण कराया था।

शाह ने अपने पत्र में खिलाड़ियों को भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचने को कहा था क्योंकि टीम के खिलाड़ियों को लगाए गए कोविशील्ड टीके से सिर्फ संक्रमण से बचाव हो सकता है, यह वायरस के खिलाफ पूर्ण प्रतिरोधक शक्ति नहीं देता। शाह ने अपने पत्र में विशेष तौर पर लिखा था कि खिलाड़ी हाल में यहां संपन्न हुई विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप और यूरो चैंपियनशिप में जाने से बचें।

भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ चार अगस्त से पांच टेस्ट की श्रृंखला खेलनी है। टीम इससे पहले 20 जुलाई से अभ्यास मैच भी खेलेगी। भारत और इंग्लैंड के बीच इस मुकाबले के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे चक्र की शुरुआत होगी। हाल में इंग्लैंड की टीम को भी कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों का सामना करना पड़ा था जिसके कारण उसकी मुख्य टीम पृथकवास पर चली गई और उसे पाकिस्तान के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए नई टीम चुननी पड़ी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!