लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा का प्रावधान किया है। सुल्तानपुर में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) का विकास और गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक विस्तार का प्रस्ताव शामिल है। इसक अलावा कई अन्य घोषणाएं की गई हैं।
60 साल से पार महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा का ऐलान
'जीवनभर मुफ्त यात्रा'
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना' सहित 24 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत राज्य की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की सभी बसों में जीवनभर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस पहल से 1 करोड़ से अधिक महिलाओं के लाभान्वित होने की उम्मीद है। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड मान्य होगा।
मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को अपनी उम्र के प्रमाण के तौर पर वोटर आईडी कार्ड या आधार कार्ड दिखाना होगा। इसके आधार पर पात्र महिला यात्री उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में बिना किराया यात्रा कर सकेंगी।
कैबिनेट ने सुल्तानपुर में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) विकसित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर करीब 272.25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।यह क्लस्टर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास इंडस्ट्रियल कॉरिडोर योजना के तहत विकसित किया जाएगा। परियोजना के लिए डेवलपर का चयन ग्लोबल बिडिंग के माध्यम से किया जाएगा।
गंगा एक्सप्रेसवे अब हरिद्वार तक पहुंचेगा
योगी कैबिनेट ने गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ से हरिद्वार तक बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इस विस्तार के बाद प्रयागराज से हरिद्वार के बीच सीधी सड़क कनेक्टिविटी विकसित करने की योजना है।
प्रस्तावित विस्तार में उत्तर प्रदेश में करीब 100 किलोमीटर का छह लेन मार्ग शामिल होगा। इसके अलावा उत्तराखंड में लगभग 30 किलोमीटर हिस्से का निर्माण भी उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कराया जाएगा। सरकार का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक विस्तार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और प्रयागराज से हरिद्वार तक आवागमन को आसान बनाने में मदद मिलेगी।
