उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यानी बुधवार 11 नवंबर को लखनऊ में नियुक्ति पत्र सौंपे। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा राजस्व विभाग के लिए नवचयनित 1146 कनिष्ठ सहायकों को लखनऊ में नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 4300 लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि का वितरण भी किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर कसा तंज
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav पर तीखा सियासी हमला बोला है। नियुक्ति पत्र वितरण और सरकारी भर्तियों को लेकर उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब सरकार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांट रही होती है, उस समय 'सैफई सिंडिकेट के सरगना' सो रहे होते हैं। मुख्यमंत्री ने दीपावली और महाभारत के रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि रातभर जुआ खेलते होंगे, इसलिए सुबह देर से जागने की आदत होगी। योगी के इस बयान को लेकर यूपी की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कहा कि उन्होंने 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा। इस दौरान हर पांचवे दिन नियुक्ति पत्र सौंपने का कार्यक्रम अनवरत चलता रहेगा। इसी दौरान अखिलेश यादव की ओर से नियुक्ति पत्र वितरण को लेकर बयान आया। इस पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि जब नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे होते हैं, तब विपक्ष के कुछ नेताओं के सोने का समय होता है।
उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि दीपावली के समय महाभारत के सारे रिश्ते होते हैं तो जुआ भी चलता होगा। रातभर जुआ खेलने के कारण सुबह देर से जागने की आदत हो सकती है। योगी ने अखिलेश को गिनती सीखने की सलाह देते हुए शिवपाल यादव को उनका ट्यूटर बनाने तक का तंज कसा।
2017 से पहले भर्तियों में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय राज्य में बिना सिफारिश और लेन-देन के सरकारी नियुक्तियां नहीं होती थीं। भर्ती से जुड़े आयोग और बोर्ड बंधक बने हुए थे और एक सिंडिकेट काम कर रहा था, जिसे उन्होंने 'सैफई सिंडिकेट' नाम दिया।
योगी ने कहा कि उस दौर में मुन्ना भाई एमबीबीएस फिल्म की तरह परीक्षा कोई दूसरा देता था और नियुक्ति पत्र किसी अन्य व्यक्ति को मिल जाता था। इससे मेहनत और योग्यता के आधार पर परीक्षा देने वाले युवाओं के साथ अन्याय होता था। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत तरीके से नौकरी पाने वाले लोग भ्रष्टाचार के पैसे से विदेशों में संपत्ति बनाते थे।
सपा सरकार में 1500 दंगों का भी किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने पुलिस व्यवस्था को लेकर भी पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 में सत्ता संभालने के बाद पुलिस और गृह विभाग की समीक्षा में उन्हें बताया गया कि यूपी पुलिस में डेढ़ लाख पद खाली थे। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार ने पीएसी की 34 कंपनियां भी समाप्त कर दी थीं।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की चार सरकारों के कार्यकाल में 1500 दंगे होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में कई-कई महीनों तक कर्फ्यू की स्थिति बनी रहती थी।
पटाखों के प्रदूषण पर भी विपक्ष को घेरा
दीपावली पर आतिशबाजी और प्रदूषण को लेकर हो रही चर्चाओं पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पटाखों से प्रदूषण हुआ है तो वह समाप्त भी हो जाएगा, लेकिन भ्रष्टाचार से पूरे सिस्टम को प्रदूषित करने वालों पर कोई सवाल नहीं उठाता।
ये भी पढ़ें - इरफान अंसारी ने सोनिया गांधी को बताया 'भगवान रूपी अवतार'
योगी ने कहा कि सरकार ने दीपावली पर आतिशबाजी को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया और लोगों ने धूमधाम से त्योहार मनाया। उन्होंने बताया कि वह खुद अयोध्या में आतिशबाजी के दौरान मौजूद थे।
इस बीच मुख्यमंत्री ने 2025 बैच के उन पुलिस कांस्टेबलों को भी राहत दी है, जिन्हें सब-इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति के लिए चुना गया है। उनकी ट्रेनिंग के दौरान जमा 8 लाख रुपये की बॉन्ड राशि की वसूली माफ करने का फैसला लिया गया है। कांस्टेबलों ने मुख्यमंत्री से इस राशि की वसूली से छूट देने की अपील की थी।
