देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर वर्तमान पीएम नरेंद्र मोदी तक देश अब तक 15 प्रधानमंत्री देख चुका है। इस दौरान गुलजारी लाल नंदा दो बार कार्यवाहक प्रधानमंत्री रहे। इन 15 में से 7 प्रधानमंत्री ऐसे रहे हैं, जिनका संबंध किसी न किसी तरह संगम नगरी प्रयागराज से जुड़ा रहा है। ऐतिहासिक प्रयागराज को पूर्व में इलाहाबाद के नाम से जाना जाता था। यहां पर गंगा-यमुना और सरस्वती (आध्यात्मिक) का संगम होता है। यहीं पर हर 12 साल में महाकुंभ का आयोजन भी होता है। चलिए जानते हैं प्रयागराज और उन सातों प्रधानमंत्रियों के बारे में जिनका इस शहर से जुड़ाव रहा है।
ये शहर कहलाता है प्रधानमंत्रियों का शहर
प्रधानमंत्रियों का शहर क्यों कहलाता है प्रयागराज
प्रयागराज को प्रधानमंत्रियों का शहर कहा जाताहै, क्योंकि देश के अब तक के कुल 15 में से 7 का संबंध यहां से रहा है। यह सातों प्रधानमंत्री अपने जीवन के किसी न किसी हिस्से में इस शहर से जुड़े रहे हैं। कुछ का यहां पर जन्म हुआ है तो कुछ अन्य यहां के मशहूर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ने के लिए शहर में आए थे।
इसी प्रयागराज में मशहूर आनंद भवन भी है, जो कभी नेहरू परिवार का घर था। नेहरू परिवार का यह निवास आजादी से पहले भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) का गैर-आधिकारिक हेडक्वार्टर जैसा हुआ करता था। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का जन्म इसी प्रयागराज (तब इलाहाबाद) शहर में हुआ था। चलिए जानते हैं और किन-किन प्रधानमंत्रियों का प्रयागराज से करीबी संबंध रहा है।
इन सात प्रधानमंत्रियों का है प्रयागराज से संबंध
1. पंडित जवाहर लाल नेहरू
जैसा कि हमने ऊपर बताया, पंडित नेहरू का जन्म इसी शहर में हुआ था। उनका लालन-पालन भी इसी शहर में हुआ और वह इलाहाबाद के पास ही फूलपुर चुनाव क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे।
2. लाल बहादुर शास्त्री
लाल बहादुर शास्त्री देश के दूसरे प्रधानमंत्री थे और उन्होंने आजादी की लड़ाई में बड़ा योगदान दिया। वह लंबे समय तक इलाहालाद में रहे। शुरुआत में वह इलाहाबाद के स्थानीय स्वतंत्रता सेनानी रहे और बाद में यहां से सांसद भी रहे।
3. गुलजारीलाल नंदा
गुलजारीलाल नंदा दो बार देश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री रहे, लेकिन वह कभी पूर्णकालिक पीएम नहीं बन पाए। गुलजारीलाल नंदा ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से कानून (Law) और अर्थशास्त्र (Economics) की पढ़ाई की थी।
4. इंदिरा गांधी
इंदिरा गांधी का जन्म नेहरू परिवार के पुश्तैनी निवास आनंद भवन में ही हुआ था। वह इसी शहर की राजनीतिक आबो-हवा में पली-बढ़ी और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।
5. राजीव गांधी
राजीव गांधी का इलाहाबाद (अब - प्रयागराज) में गहरी पैतृक जड़ें रही हैं। मुंबई में जन्मे राजीव गांधी के बचपन का अहम हिस्सा नेहरू परिवार के निवास आनंद भवन में गुजरा।
ये भी पढ़ें - बारिश के बाद क्यों सताएगी उमस वाली गर्मी? समझिए मानसून की विदाई, चक्रवात और October Heat का पूरा गणित
6. वीपी सिंह
विश्वानाथ प्रताप सिंह 1989–1990 में देश के प्रधानमंत्री रहे। वह इलाहाबाद से ही सांसद थे। इसके अलावा उनका इस शहर से एक और संबंध था। उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बीए और एलएलबी की बढ़ाई की थी।
7. चंद्र शेखर
देश के एक और प्रधानमंत्री चंद्र शेखर का भी इलाहाबाद शहर से करीबी संबंध रहा है। उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में एमए की पढ़ाई की थी।
