Varanasi Rail News: वाराणसी रेल मंडल से होकर गुजरने वाली ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी। मंडल में जितनी भी रेल लाइन हैं, उन पर पहले की अपेक्षा अधिक स्पीड से ट्रेनें रवाना होंगी। इसको लेकर रेलवे बोर्ड के प्रमुख कार्यकारी निदेशक (गति शक्ति) अनिल कुमार खंडेलवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया है। प्रमुख कार्यकारी निदेशक ने हाल में कैंट स्टेशन, काशी स्टेशन और बनारस स्टेशन का निरीक्षण किया था। इन स्टेशनों पर चल रही यार्ड रिमॉडलिंग के कार्यों की प्रगति देखी। इसके साथ काम को गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
वाराणसी मंडल की लाइन पर तेज दौड़ेगी ट्रेन (प्रतीकात्मक तस्वीर)
काशी स्टेशन पर बनने वाले डबलडेकर पुल बनाने को लेकर चल रहीं प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी ली थी। फिर मंडल कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें उन्होंने वाराणसी मंडल में ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने का निर्देश दिया। बनारस स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं समेत हाई स्पीड से ट्रेनों के परिचालन के लिए उन्नत रेलवे ट्रैक, हाई स्पीड कैमरे एवं सेंसर युक्त ब्लॉक हट एवं एलईडी युक्त कलर लाइट सिग्नल एवं रूट रिले इंटरलॉकिंग प्रणाली को देखा।
