Kashi-Chandauli Ganga Bridge: जिले में गंगा नदी पर प्रस्तावित डबल डेकर पुल की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाकर निर्माण विभाग को भेजी गई है। इस पुल की डिजाइन पर भी सहमति बन चुकी है। 31 मार्च से पहले निर्माण विभाग द्वारा डीपीआर को अनुमोदन के लिए मुख्यालय को भेज दिया जाएगा। पुल के निचले हिस्से पर रेलवे के चार ट्रैक रहेंगे। ऊपरी तल पर छह लेन की सड़क बनाई जाएगी। काशी और चंदौली जिले को जोड़ने के लिए गंगा नदी पर प्रस्तावित इस पुल का निर्माण जल्द ही शुरू किया जाना है।
गंगा नदी पर बना पुल। प्रतीकात्मक तस्वीर
पुल का निर्माण मालवीय पुल के समानांतर किया जाना है। उत्तर रेलवे निर्माण विभाग के उप मुख्य अभियंता एसपी मलिक के अनुसार राजघाट के पास नदी पर प्रस्तावित डबल डेकर पुल की डीपीआर आने के बाद इसके सभी पक्षों की जांच कराई जा रही है। इसमें पुल की ऊंचाई से लेकर दोनों ओर के रेलवे ट्रैक की ऊंचाई का मिलान चल रहा है।
