Varanasi Crime News: वाराणसी पुलिस ने जयप्रकाश नगर कॉलोनी निवासी पशुपतिनाथ हत्याकांड में दो अपराधियों को जेल भेज दिया है। पुलिस ने छित्तूपुर चंदुआ के रहने वाले गणेश सरोज और मनीष पांडेय को जेल भेजा है। ये दोनों पहले भी लूट, छिनैती समेत कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के सामने इन दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। गणेश सरोज और मनीष ने पुलिस को बताया कि महंगी स्पोर्ट्स बाइक एवं महंगे होटलों में खाने-पीने का शौक पूरा करने के लिए लूट, छिनैती एवं अन्य अपराध किया करते थे।
महंगे शौक पूरे करने के लिए बने लुटेरे।
इन दोनों का कहना है कि वाराणसी के अलावा दूसरे शहरों में जाकर भी ये वारदात को अंजाम दिया करते थे। इन दोनों ने पुलिस को बताया है कि गिरोह 307 व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी सभी सदस्य कहीं पर भी इकट्ठा हो जाते थे। इस बुधवार की शाम भी नरीमलपुर के मंटू सरोज, राहुल सरोज, बाबू सरोज ने मैसेज किया था, जिसके बाद पशुपतिनाथ की हत्या को अंजाम दिया गया।
हत्या में शामिल सभी अपराधियों को पकड़ने में जुटी है पुलिस
पुलिस ने हत्याकांड में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सिगरा थाना प्रभारी राजू सिंह का कहना है कि हत्या को अंजाम देने में शामिल अन्य अपराधियों को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हिरासत में लिए गए संदिग्धों की निशानदेही पर पुलिस आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी आरोपियों को चिह्नित करने की कोशिश चल रही है।मामले में अब तक क्या-क्या हुआ
पशुपतिनाथ सिंह हत्याकांड में पुलिस मुख्यालय ने आरोपियों के अलावा पुलिस पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने नगर निगम चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा मुख्य निरीक्षक और उप निरीक्षक को लापरवाही बरतने को लेकर निलंबित किया गया है। बता दें की सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जयप्रकाश नगर में पशुपतिनाथ के घर के पास दो बदमाश शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे, जिस पर उन्होंने उन दोनों को टोका था। इसके बाद दोनों ने अपने साथियों को बुलाकर पीट-पीटकर पशुपतिनाथ की हत्या कर दी थी।
