Varanasi News: वाराणसी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक फर्जी एनएसजी कमांडो को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को सेना का अधिकारी बताकर 25 से अधिक महिलाओं को धोखा दिया। आरोपी की पहचान दलाई उप्पल के रूप में हुई है, जो तेलंगाना के रामागुंडम का रहने वाला है। वह विभिन्न नामों से मेट्रीमोनियल साइट्स पर सक्रिय था और महिलाओं को अपने प्रेम जाल में फंसाकर उनसे शादी करता था।
वाराणसी में फर्जी NSG कमांडो गिरफ्तार
चितईपुर थाना क्षेत्र की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। महिला ने बताया कि शादी के बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया और संदेह होने पर जब उसने उसके सामान की तलाशी ली, तो वहां से कई फर्जी दस्तावेज, सेना से संबंधित नकली आईडी कार्ड और मेडल बरामद हुए।
आरोपी ने महिला को धमकाया और उसके साथ झगड़ा किया, जिसके बाद महिला ने हिम्मत दिखाते हुए थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया है कि दलाई उप्पल ने देश के विभिन्न राज्यों की महिलाओं को इसी तरह अपना शिकार बनाया है। फिलहाल पुलिस अन्य पीड़ित महिलाओं की तलाश में जुटी है और मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
