Varanasi Firecracker Factory Explosion: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित सारंग तालाब में पटाखा की फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मकान का पूरा हिस्सा गिर गया। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की खबर है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और दमकल की गाड़ियां पहुंच गई हैं। इसके साथ ही राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। मिली खबर के अनुसार, अब तक दो लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है।
वाराणसी की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट (फोटो साभार- AI)
कई लोगों के दबे होने की आशंका
खबर के अनुसार, मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। गंभीर स्थिति को देखते हुए NDRF की टीम को भी बुलाया गया है। वहीं मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। इस पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया है। आस-पास के लोगों ने बताया कि धमाका इतना भयानक था कि उन्हें पहले लगा कि भूकंप आया है। हालांकि, यह पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट था। बताया जा रहा है कि सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव के सारंग तालाब के पास मकान में चोरी-छुपे पटाखे बनाए जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, पटाखा बनाते समय दोपहर में अचानक से तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर के लोग कांप उठे। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही घटना की सूचना मिली, वैसे ही सारनाथ थाने की पुलिस के साथ आला अधिकारी और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जानकारी के अनुसार, मलबे से निकाले गए दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस का बयान आया सामने
घटना को लेकर एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस कानून व्यवस्था शिवहरि मीना ने बताया, "हमें सूचना मिली थी कि सारनाथ थाना क्षेत्र में पुराने पुल के पास एक मकान ढह गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके साथ ही NDRF, SDRF, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।" उन्होंने बताया, "मलबे से दो बच्चों और एक महिला को बाहर निकाला गया है और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आसपास के लोगों से परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की गई। एक प्रत्यक्षदर्शी ने महिला को मलबे से निकालते हुए देखा था।"
एसीपी ने आगे कहा, "NDRF और SDRF की टीमों ने शुरुआती सर्च ऑपरेशन किया है, जिसमें किसी और के फंसे होने की बात सामने नहीं आई है। फिर भी एहतियात के तौर पर हम दोबारा पूरी तरह से चेक करेंगे ताकि साइट पूरी तरह क्लियर हो सके। पुलिस सभी जरूरी कानूनी कार्रवाई भी पूरी करेगी।" उन्होंने कहा, "प्रथम दृष्टया ऐसी सूचना मिल रही है कि यहां पटाखे बनाए या स्टोर किए जा रहे थे, इसकी जांच की जा रही है। हादसे में सिर्फ एक ही मकान सीधे तौर पर प्रभावित हुआ है, हालांकि पड़ोस के कुछ घरों को हल्का नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा कोई बड़ा नुकसान नहीं है, लेकिन हम बाकी जरूरी कार्रवाई कर रहे हैं।"
