Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। इस हादसे में हवाई अड्डे पर दो सुरक्षा कर्मचारी घायल हो गए हैं। घायलों में एक पुरुष और एक महिला हैं।
वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोली (फाइल फोटो)
मिली जानकारी के अनुसार, यात्री आजमगढ़ से मुंबई जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा था। उसके पास अपनी लाइसेंसी पिस्टल और मैगजीन मौजूद थी। नियमानुसार विमान में यात्रा करने से पहले उसने अपने हथियार को घोषित किया था। सिक्योर्ड एरिया में सुरक्षा जांच और वेपन डिपॉजिट की प्रक्रिया के दौरान यात्री पिस्टल से मैगजीन को अलग कर रहा था। उसी समय गलती से पिस्टल का ट्रिगर दब गया और गोली फायर हो गई। हादसे में पास ही खड़े एक महिला और एक लड़के को गोली लग गई।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पास के हरहुआ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की जा रही है। यात्री का बैकग्राउंड और वह मुंबई में किस काम से पिस्टल लेकर जा रहा था, इन सभी पहलुओं की जांच हो रही है।
मामले को लेकर वाराणसी एयरपोर्ट के डायरेक्टर का आधिकारिक बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि वाराणसी एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह हथियार जांच के दौरान एक यात्री की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। यात्री अपनी पत्नी के साथ मुंबई जाने वाली फ्लाइट IX-1810 से यात्रा कर रहा था और उसने विमान में हथियार होने की जानकारी दी थी। जांच के दौरान चली गोली से AAICLAS के दो स्क्रीनर घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और घटना की जांच जारी है।
