Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega Uttarakhand Main: मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तराखंड के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया था। ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ निचले क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना जताई गई थी। मौसम विभाग ने कई निचले इलाकों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। बता दें कि ऑरेंज अलर्ट तब जारी किया जाता है, जब सामान्य की तुलना में मौसम ज्यादा खराब होता है। इस स्थिति में आपको घर से कम से कम बाहर निकलना चाहिए। इस बीच उत्तराखंड के निचले इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार ऋषिकेश और हरिद्वार में झमाझम बारिश हो रही है।
ऋषिकेश सहित कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू
मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण ही पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और उत्तराखंड के निचले इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। होली के बाद से ही उत्तराखंड का तापमान तेजी से बढ़ रहा था। कई इलाकों का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। इस बीच बारिश होने से कुछ इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है।
उत्तराखंड में बारिश शुरू
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद हरिद्वार, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, देवप्रयाग, धनोल्टी, रानीखेत, रुड़की, श्रीनगर, भीमताल, चोपता, चमोली, और अन्य कई स्थानों पर भारी बारिश हो रही है। जानकारी के अनुसार, चार धाम यात्रा वाले पूरे रास्ते में तेज बारिश हो रही है। इसके अलावा कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं बता दें कि ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में भी बर्फबारी शुरू हो गई है।
