शहर

Uttarakhand News: खटीमा हत्याकांड में मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार, इलाके में तनाव का माहौल

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में दो गुटों में विवाद के दौरान 23 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Image

फाइल फोटो

Uttarakhand News: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में खटीमा इलाके में 23 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हाशिम (21) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

दो गुटों में विवाद के दौरान हुई हत्या

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार रात दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान 23 वर्षीय तुषार शर्मा नामक युवक पर की चाकू से हमला किया गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके दो साथी भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और CCTV से आरोपी तक पहुंची पुलिस

इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए गए और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गई। जिसके आधार पर हाशिम और उसके कुछ साथियों को इस वारदात का जिम्मेदार पाया गया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी झनझट इलाके में एक ईंट भट्ठे के पास छिपा है। पुलिस टीम ने इलाके को घेर लिया और आरोपी को सरेंडर करने को कहा। लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। घायल आरोपी को पहले नानकमत्ता अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर किया गया।

इलाके में तनाव का माहौल

पुलिस ने बताया कि इस हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। शनिवार को बजरंग दल के नेतृत्व में एक समूह ने आरोपी की दुकान में आग लगा दी और सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। जिससे खटीमा के बाजार बंद हो गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article