Uttarakhand Helicopter Emergency Landing: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा टल गया। बद्रीनाथ धाम से देहरादून जा रहे एक निजी हेलिकॉप्टर को तकनीकी खराबी आने के बाद खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि पायलट समेत सभी छह लोग सुरक्षित हैं।
बद्रीनाथ से लौट रहे हेलिकॉप्टर की खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग, हाईटेंशन लाइन से टकराने पर मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन कंपनी द्वारा संचालित हेलिकॉप्टर चंबा-अराकोट मार्ग के ऊपर उड़ान भर रहा था। इसी दौरान हेलिकॉप्टर के पिछले हिस्से का संपर्क हाईटेंशन बिजली लाइन से हो गया, जिससे उसका पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए सत्यों-सकलाना इलाके के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
टिहरी गढ़वाल पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल तकनीकी और विमानन एजेंसियां हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही हैं।
