Uttarakhand Elections 2027: समाजवादी पार्टी (SP) की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन के तहत 30 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है और इस संबंध में ऐसी सीटों की एक सूची तैयार कर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)
30 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है सपा
सिद्दीकी ने बताया कि प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद 30 विधानसभा सीटों की सूची तैयार कर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजी गई है। उन्होंने बताया कि ये सीटें प्रदेश के चार जिलों - हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और देहरादून में हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई/भाषा के मुताबिक, सिद्दीकी ने कहा कि इन सीटों में से 15 सीटों को प्राथमिकता के आधार पर पर चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव पर राष्ट्रीय अध्यक्ष को निर्णय लेना है। सपा नेता ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों की एकजुटता को जरूरी बताते हुए कहा कि अलग-अलग चुनाव लड़ने से विपक्ष को नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP की सियासत में CJP का क्या काम? अखिलेश यादव ने AAP और CPI(ML) संग सीट शेयरिंग पर की बात
सिद्दीकी ने कहा कि गठबंधन होने पर सपा अपने हिस्से में आने वाली सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और सहयोगियों के प्रत्याशियों को भी जिताने के लिए प्रयास करेगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि गठबंधन नहीं होने की स्थिति में पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वर्ष 2000 में गठित हुए उत्तराखंड में सपा ने विधानसभा में कोई सीट नहीं जीती है जबकि 2004 में उसके प्रत्याशी राजेंद्र बाडी हरिद्वार लोकसभा से सांसद चुने गए थे।
