Uttarakhand News: उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण की जिम्मेदारी संभाल रहीं मंत्री के पति ने महिलाओं को लेकर ही ऐसी ओछी बात कह दी है कि सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। दरअसल राजनीतिक दलों से लेकर आम यूजरों के निशाने पर आए मंत्री के पति ने बोल दिया है कि बिहार में लड़कियां 20-25 हजार में मिल जाती है, वह भी किसी सार्वजनिक मंच से।
बोले-बिहार में 20-25 हजार में लड़कियां मिल जाती हैं, साथ चलना शादी कराएंगे
सोमेश्वर विधानसभा का है मामला
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब राज्य सरकार पहले से ही अंकित भंडारी हत्याकांड को लेकर विपक्ष के निशाने पर है। अब इस वायरल वीडियो ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए नया राजनीतिक संकट खड़ा कर दिया है। मामला अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा का बताया जा रहा है, जहां गिरधारी लाल साहू भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कुछ युवकों की शादी न होने को लेकर तंज कसा और मंच से कहा, “चलना हमारे साथ, हम तुम्हारी शादी करवा देंगे।” इसके बाद उनका बयान और ज्यादा विवादित हो गया।
बिहार की महिलाओं को लेकर टिप्पणी
वायरल वीडियो में गिरधारी लाल साहू को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “लड़की हम तुम्हें बिहार से दिलवा दें, बिहार में 20-25 हजार में मिल जाती है।” इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। राजनीतिक दल और लोगों ने इसे महिलाओं के अपमान और मानव गरिमा के खिलाफ बताया है।
राजद और कांग्रेस का तीखा हमला
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस बयान को लेकर भाजपा और संघ पर हमला बोला। राजद ने लिखा कि भाजपा और संघ से जुड़े लोगों की बिहार की महिलाओं को लेकर सोच बेहद घृणित है और इस पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को स्पष्टीकरण देना चाहिए। वहीं कांग्रेस को भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरने का बड़ा मौका मिल गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा नेताओं और उनके परिजनों की मानसिकता महिला सम्मान के खिलाफ है।
गिरधारी लाल साहू की सफाई
विवाद बढ़ने के बाद गिरधारी लाल साहू ने एक अलग वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उनके मुताबिक, वे अपने एक दोस्त की शादी के संदर्भ में सामान्य बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर उनके शब्दों को गलत तरीके से दिखाकर उनकी पत्नी और मंत्री रेखा आर्य की छवि को धूमिल करना चाहती है।
