Uttar Pradesh Day Celebration: उत्तर प्रदेश दिवस 24 जनवरी 2026 को पूरे देश में एक साथ भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इस मौके पर विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में यूपी दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसके लिए योगी सरकार ने प्रतिनिधियों की सूची जारी कर दी है। राज्य सरकार ने इन कार्यक्रमों के लिए उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों और विधान परिषद सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी है।
योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो | IANS)
उत्तर प्रदेश दिवस कार्यकर्मों के प्रतिनिधि
इस साल पहली बार 24 जनवरी को एक साथ पूरे देश में उत्तर प्रदेश दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनमें यूपी की संस्कृति, विरासत और विकास यात्रा देखने को मिलेगी। सरकार ने इन कार्यक्रमों के लिए उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों और अन्य जनप्रतिनिधियों की ड्यूटी तय कर दी है। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को नई दिल्ली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक गुजरात के गांधीनगर में कार्यक्रम में शामिल होंगे। सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को असम के गुवाहाटी और वित्त मंत्री सूर्य प्रताप शाही को मुंबई की जिम्मेदारी दी गई है।
किन-किन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा जयपुर और डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी रांची में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं सांसद राजकुमार चाहर चंडीगढ़ (हरियाणा), रवि किशन पटना, शशांक मणि बेंगलुरु, अनुज प्रधान वाल्मीकि जम्मू और कंवर सिंह तंवर शिमला में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सांसद अनुराग शर्मा को हैदराबाद, साक्षी अवस्थी को रायपुर, डॉ. राजकुमार सांगवान को चंडीगढ़ (पंजाब) और राज्यसभा सांसद को दर्शन सिंह पणजी में कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह भोपाल, अवनीश पटेल अमरावती और मोहित बेनीवाल चेन्नई में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव देहरादून में यूपी दिवस समारोह में शामिल होंगी।
