UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के बीच भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि हमारे और उनके व्यक्तिगत संबंध हैं। मैं उनके खिलाफ नहीं बोलता और वह मेरे खिलाफ नहीं बोलते हैं।
भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह
'अखिलेश के साथ मेरे व्यक्तिगत संबंध'
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में बृजभूषण शरण सिंह ने स्पष्ट कर दिया कि वह अखिलेश यादव के खिलाफ नहीं बोलते हैं। उन्होंने कहा, ''हमारे और उनके व्यक्तिगत संबंध हैं। मैं उनके खिलाफ नहीं बोलता और वह मेरे खिलाफ नहीं बोलते हैं। मैं भाजपा में हूं, और वह समाजवादी पार्टी के नेता हैं...।''
क्या चुनाव लड़ेंगे बृजभूषण शरण सिंह?
बृजभूषण शरण सिंह और अखिलेश यादव के बीच बढ़ती नजदीकियों को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म है। हालांकि, भाजपा नेता ने साफ कर दिया कि वह विधानसभा चुनाव नही लड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा, "हमको तो लड़ना नहीं है। इस बारे में मेरी कोई टिप्पणी नहीं है। अब जैसे कुछ लोग कहते हैं कि समाजवादी पार्टी के 25 विधायक मेरे संपर्क में हैं। कुछ लोग कहते हैं कि भाजपा वाले मेरे संपर्क में हैं, तो इस पर मेरी कोई टिप्पणी नहीं है।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने बालाघाट में बच्चों की मौत का मुद्दा उठा सरकार को घेरा, बोले- आधे लोगों को नहीं मिला मुआवजा
'BJP के कई विधायक संपर्क में'
दरअसल, अखिलेश यादव ने बुधवार को दावा किया था कि सत्तारूढ़ दल के कई विधायक उनकी पार्टी के संपर्क में हैं, लेकिन सपा ऐसे वादे नहीं करेगी जिन्हें वह पूरा न कर सके। सपा कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा था, ''कई लोग संपर्क में हैं। लेकिन हम उन्हें कैसे समायोजित करें? हम कोई वादा करके फिर उससे मुकरना नहीं चाहते।''
