Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर SIR को लेकर बयान दिया है और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा, 'हमसे कहा गया था कि SIR के बाद मतदाता सूची में कोई कसर नहीं छूटेगी... हमने उपचुनाव में देखा था कि उपचुनाव में वोट लूटा गया था... चुनाव आयोग ने कहा था कि CCTV फुटेज किसी भी राजनीतिक दल को नहीं दी जाएगी... SIR रिवीजन के माध्यम से भी कई किस्म की साजिश की जा रही है... हम सभी जानते हैं कि इन्होंने BLO की ट्रेनिंग कैसी कराई थी? कई BLO की जान चली गई...'
अखिलेश यादव ने SIR में साजिश को लेकर सवाल उठाए (PTI)
यादव ने पूछा कि चुनाव आयोग क्या कर रहा है? एक ही नाम से दो-दो वोट बन रहे हैं... मेरी मांग है कि चुनाव आयोग हमारा सहयोग करे।
SIR, NRC जैसा ही है: अखिलेश यादव
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी चुनावी रोल में धांधली करना चाहती है और SIR प्रक्रिया NRC (नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स) जैसी ही है।
उन्होंने कहा, 'लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई जारी है और समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना चाहिए। केंद्रीय चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट और राज्य चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट में चार करोड़ वोटों का अंतर है। अब उन्हें बताना चाहिए कि कौन सी लिस्ट सही है।' उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सवाल करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव 2024 के लोकसभा चुनावों की तरह ही लड़ने होंगे।
2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा साजिश करेगी: अखिलेश
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए अग्नि परीक्षा है और भाजपा इसके लिए साजिश रचेगी। यादव से शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये उलेमाओं व प्रमुख लोगों ने मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर वार्ता की।
पार्टी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होना है और ये लोकतंत्र के लिए अग्नि परीक्षा है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव में साजिश रचेगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के शासन में जनता के प्रति कोई ईमानदारी नहीं है, भाजपा सरकार पिछड़ा, दलित मुसलमान समुदाय को अपमानित और उनसे नफरत करती है।
