यूपी में आज का मौसम (6 April 2026): उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। इस दौरान वाराणसी, सुल्तानपुर समेत यूपी के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश होती रही। कई जगहों पर आंधी भी चलीं। वहीं कानपुर, मथुरा, हाथरस, जालौन और संभल में ओलावृष्टि दर्ज की गई। जिसने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। बारिश और ओले के कारण फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। वहीं आंधी के चलते कई जगहों पर बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए। जिससे बिजली सप्लाई पर असर पड़ा। हालांकि बारिश के बाद कई जिलों में मौसम काफी ठंडा हो गया। यूपी में बारिश का दौर अभी भी थमा नहीं है। 7 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से एक बार फिर आंधी-बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
आज यूपी का मौसम
यूपी में 6 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यूपी में आज भी कई जिलों में आंधी-बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है। इस दौरान पूर्वी हिस्से में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी हिस्से में अधिकांश जगहों पर मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटे में प्रयागराज, वाराणसी, फतेहपुर, लखनऊ, अयोध्या, मेरठ, बरेली समेत 20 से ज्यादा जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। जिसकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं कानपुर और आसपास के इलाकों में ओले भी गिरने की संभावना है।
यूपी में 7 से 9 अप्रैल तक बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार यूपी में मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सोमवार दोपहर तक खत्म होने की संभावना है। जिसके बाद 7 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य को प्रभावित कर सकता है। जिसके असर से 9 अप्रैल तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। 7 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे से लेकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक आंधी चल सकती है। कहीं-कहीं ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। 8 अप्रैल को यूपी के दोनों हिस्सों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 9 अप्रैल को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा सकती हैं। जिसके बाद मौसम सामान्य होने की संभावना है।
कानपुर में हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश
कानपुर शहर में बारिश ने 55 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रविवार सुबह तक यहां 35.6 मिमी बारिश दर्ज हुई, यह 1972 के बाद सबसे अधिक है। ललितपुर, हमीरपुर, उरई समेत कई जिलों में बारिश के कारण हादसे भी हुए। कहीं बिजली गिरने से जनहानि हुई, तो कहीं पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। वहीं ब्रज के जिलों में ओले गिरने से खेतों में खड़ी और काटकर रखी गई फसलों को बहुत नुकसान हुआ। बारिश ने रेल सेवा को प्रभावित किया। खराब मौसम के कारण कानपुर में 98 ट्रेनें फंसी रहीं। जिसकी वजह से 112 ट्रेनें कई घंटों की देरी से चलीं। बिजली गुल होने के चलते 30 साल में पहली बार कासगंज एक्सप्रेस को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
