यूपी में आज का मौसम (14 May 2026): उत्तर प्रदेश में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं तेज आंधी-बारिश का मौसम कहर बरपा रहा है, तो कहीं भीषण गर्मी और लू के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बुधवार को कई जगहों पर आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। इस दौरान बारिशजनित हादसों के कारण 62 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार 14 मई को भी 51 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यूपी में 16 मई से चलेगी लू
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है। 15 मई को पूरे राज्य में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। जिससे तापमान में भी बढ़ोत्तरी की संभावना है। 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने और तपिश बढ़ने का पूर्वानुमान है।
यूपी के किन जिलों में आज बारिश का अलर्ट
गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, मैनपुरी, औरैया, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, फतेहपुर, प्रतापगढ़, देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच।
यूपी के सबसे गर्म जिले
दिल्ली में बुधवार को गाजियाबाद, मथुरा, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज समेत लगभग 30 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं उन्नाव, प्रयागराज, गाजियाबाद, मथुरा समेत कई जगहों पर आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे। आंधी के कारण कहीं पेड़ टूट गए, कहीं बिजली के खंभे गिर गए तो कहीं टीन शेड ही उड़ गए। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में बुधवार को बांदा सबसे गर्म शहर रहा। जहां का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री दर्ज किया गया। जिसके बाद झांसी में 44.5 डिग्री और प्रयागराज में 43.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
