यूपी में आज का मौसम (11 May 2026): उत्तर प्रदेश का मौसम तेजी से बदल रहा है। यूपी में कभी बारिश हो रही है तो कभी तेज गर्मी सता रही है। बीते दिन प्रदेश में मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली रही। जिसके चलते तापमान में बढ़ोत्तरी हुई और गर्मी भी तेज पड़ी। कुछ जिलों में तापमान बढ़कर 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। रविवार को यूपी का सबसे गर्म जिला प्रयागराज रहा, जहां का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद बांदा में 39.2 डिग्री और वाराणसी व आगरा में 38.5 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। लेकिन 24 घंटे बाद यूपी के मौसम में फिर से बदलाव होने की संभावना है।
यूपी का मौसम
यूपी में 11 मई को मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग ने आज यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। आज कहीं भी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। लेकिन 24 घंटे बाद यूपी में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से यूपी के मौसम में यह बदलाव नजर आएगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मंगलवार से अगले 3-4 दिनों तक प्रदेश के तराई हिस्सों में बादलों की सक्रियता बनी रहन की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो सकती है। हालांकि इसके बावजूद तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है।
यूपी में 12 मई को बारिश का अलर्ट
यूपी में 12 मई को आंधी-बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, सँभल, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, सहारनपुर, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और बहराइच में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। कहीं-कहीं पर हवाओं की रफ्तार बढ़कर 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
रविवार को यूपी में सुबह से ही तेज धूप निकली रही। जिसकी तल्खी दिन चढ़ने के साथ ही और बढ़ गई। जिससे गर्माहट भी बढ़ गई। इस दौरान अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी देखने को मिली। अगले एक सप्ताह के दौरान यूपी में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 3 दिनों में 2-4 डिग्री की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
