यूपी में आज का मौसम (09 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड, कोहरे, कोल्ड डे और शीतलहर का कहर लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में आज हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। बूंदाबांदी के बाद चली तेज उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने ठिठुरन को कई गुना बढ़ा दिया है। यूपी में पहाड़ों जैसी कनकनी के कारण मैदानी इलाकों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार शाम प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित नजर आया।
यूपी में मौसम का हाल
वाराणसी से प्रयागराज तक 'कोल्ड डे' जैसे हालात
पूर्वांचल के प्रमुख शहरों- वाराणसी, आजमगढ़ और प्रयागराज में ठंड का असर सबसे अधिक दिखा दे रहा है। यहां दोपहर के समय बर्फीली हवाएं चलने से लोग कांपते हुए नजर आ रहे हैं। ठंडी हवाओं ने धूप का असर बेअसर कर दिया है, जिससे दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। यहां कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी हुई है। जबकि दूसरी तरह सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली जैसे जिलों में भी कड़ाके की सर्दी का सितम जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का सीधा असर उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों पर देखने को मिल रहा है, जिससे गलन बढ़ गई है। आने वाले दिनों में भी यूपी में मौसम की स्थिति ऐसे ही बनी रहेगी।
ठंड से कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, यूपी के निवासियों को अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। पश्चिमी यूपी और पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में शुक्रवार से तापमान में हल्का उछाल आने की संभावना जताई गई है। यह स्थिति आगामी 11 जनवरी तक बनी रह सकती है। हालांकि, यह राहत केवल तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी तक सीमित रहेगी, क्योंकि सुबह और शाम के समय ठिठुरन कम होने के आसार अभी नजर नहीं आ रहे हैं। बादलों की आवाजाही के बीच धूप निकलने से लोगों को दिन में राहत महसूस हो सकती है।
इन जिलों छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आज येलो अलर्ट जारी किया है। कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर और श्रावस्ती समेत आसपास के इलाकों में घने कोहरे का अनुमान है। विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में दृश्यता (Visibility) घटकर 200 से 500 मीटर तक रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कोहरे और सर्द हवाओं का यह दौर आने वाले दिनों में और गहरा सकता है।
