लखनऊ : उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने 18 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इससे एक दिन पहले ही प्रदेश में कई आईएएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए थे। तबादला सूची के मुताबिक, पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से संबद्ध एसपी डॉ. सतीश कुमार को 01 वाहिनी एसएसएफ, लखनऊ का सेनानायक बनाया गया है। वहीं मुख्यालय पुलिस महानिदेशक से ही संबद्ध संजीव सुमन को उत्तर प्रदेश स्पेशलाइज्ड इंस्टीट्यूट फॉर फॉरेंसिक साइंस (UPSIFS), लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
सीएम योगी आदित्यनाथ (फोटो-Facebook)
सीआईडी, लखनऊ में तैनात समीर सौरभ को सीतापुर भेजा गया है। उन्हें 27वीं वाहिनी पीएसी की कमान सौंपी गई है। वहीं सीतापुर स्थित एपीटीसी के पुलिस अधीक्षक आशुतोष द्विवेदी को अयोध्या में क्षेत्रीय अभिसूचना के पुलिस अधीक्षक पद पर तैनाती मिली है।
आनन्द कुमार-II को भी नई जिम्मेदारी
इसके अलावा IPS अधिकारी आनन्द कुमार-II को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें बरेली के क्षेत्रीय अभिसूचना पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर सीआईडी, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। क्षेत्रीय अभिसूचना, अयोध्या में तैनात संजय राय का तबादला लखनऊ किया गया है। उन्हें आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
ATS, लखनऊ में तैनात शशि शेखर सिंह को सीतापुर भेजा गया है। उन्हें 11वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक नियुक्त किया गया है। वहीं सीआईडी मुख्यालय, लखनऊ में तैनात वंशराज सिंह यादव को प्रयागराज में 03 वाहिनी एसएसएफ का सेनानायक बनाया गया है।
प्रदेश सरकार ने यह फेरबदल ऐसे समय किया है, जब पिछले कुछ दिनों में पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला जारी है। 18 आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण के साथ कई महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
