Uttar Pradesh Assembly Election 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति पर काम करना शुरू चुकी है। पार्टी विभिन्न मण्डलों में वोटरों को साधने के लिए बैठकें शुरू कर दी हैं। पिछले दिनों बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दौरा किया था, जिसमें संगठन को मजबूती देने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी और तैयारियों को परखा। इसी बीच यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने लखनऊ में लगातार बैठकें कर संगठन की स्थिति, चुनावी तैयारियों और आने वाले राजनीतिक मुकाबलों को लेकर फीडबैक लिया। तावड़े के साथ यूपी के सह-प्रभारी भी लखनऊ में मौजूद रहे।
मिशन 2027 के लिए तावड़े की टीम ने संभाली यूपी की कमान
प्रदेश बीजेपी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ क्षेत्रीय अध्यक्षों और क्षेत्रीय प्रभारियों की बैठक हुई। इस दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना के साथ-साथ 2027 की तैयारियों को लेकर क्षेत्रवार फीडबैक लिया गया। बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - UP Election 2027 : यूपी में ओवैसी ने खोले गठबंधन के दरवाजे, BJP को थर्ड टर्म से रोकने की तैयारी; AIMIM का क्या है प्लान?
जातीय समीकरण पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में केवल चुनावी तैयारियों तक ही चर्चा सीमित नहीं रही। अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच पार्टी की पहुंच, जातीय समीकरण, संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय तथा जमीनी स्तर से मिल रहे फीडबैक को लेकर भी बातचीत हुई।
बीजेपी पहले से ही 2027 के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दे रही है। प्रदेश कार्यालय में संगठन के साथ बैठक के बाद तावड़े और उनकी टीम ने सरकार के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य से हुई बातचीत में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी चुनाव की तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी तावड़े और सह-प्रभारियों की मुलाकात हुई। इस मुलाकात को संगठन और सरकार के बीच चुनावी समन्वय के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
