Unnao Road Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के करीब एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग बस हादसे हो गए। दोनों दुर्घटनाओं में कुल 34 यात्री घायल हुए हैं। हादसे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 231 और 246 पर हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों हादसों की वजह बस चालकों को नींद की झपकी आना बताई जा रही है।
उन्नाव एक्सप्रेसवे पर एक के बाद एक दो बस हादसे, 34 घायल। AI IMAGE
पहला हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 231 पर हुआ। जहां एक निजी यात्री बस दिल्ली से गोंडा जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर को नींद आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा टकराते हुए डिवाइडर से जा टकराई । बस सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का रेस्क्यू कर बस से बाहर निकाला और सीएचसी बांगरमऊ पहुंचाया।
दूसरा हादसा करीब एक घंटे बाद बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 246 पर दूसरा हादसा हो गया। यहां भी यात्री बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी। बस चालक को नींद आने के कारण बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए खंती में पलट गई। हादसे में घायल यात्रियों को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी बांगरमऊ भेजा गया। दोनों हादसों में करीब 50 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। CO बांगरमऊ के मुताबिक दोनों हादसों को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस और यूपीडा ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
दोनों हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बसों में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसों के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस और यूपीडा की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु करा दिया।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह?
प्रारंभिक जांच में दोनों दुर्घटनाओं के पीछे चालकों को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हादसों के कारणों की जांच कर रही है। एक्सप्रेसवे पर लंबी दूरी की बसों के चालकों की थकान और नींद की वजह से होने वाली दुर्घटनाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। फिलहाल दोनों हादसों में घायल सभी यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दुर्घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
